ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक और बड़ी सफलता – दून पुलिस ने पोक्सो एक्ट के 25 हजार के इनामी को हरिद्वार से दबोचा
देहरादून। दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पिछले छह महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को डोईवाला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया था कि उनके पड़ोस में किराए पर रहने वाले कैलाश ने उनकी नाबालिग बेटी, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है, को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
एसएसपी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। आरोपी इतना शातिर था कि वह पुलिस की हर आहट को भांपकर बार-बार अपना स्थान बदल रहा था। लंबे समय तक फरार रहने के कारण एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसओजी ग्रामीण और कोतवाली डोईवाला पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरिद्वार के बहादराबाद स्थित अलीपुर में घेराबंदी की और आरोपी कैलाश चंद्र पुत्र जसराज (32 वर्ष), मूल निवासी बुराखन बैयवार, राजस्थान को ओम पैकेजिंग फैक्ट्री के पास से धर दबोचा।

