राजधानी देहरादून में बुजुर्ग महिला के हत्याकांड का पुलिस ने 12 घंटों के अंदर किया खुलासा , नौकर निकला आरोपी
कत्ल की वजह बने 18 हजार ,बकाया पैसे न देने पर नौकर ने हत्याकांड को दिया अंजाम
देहरादून।राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय वृद्ध महिला की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को दून पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर सुलझा दिया है। बुजुर्ग महिला की हत्या कोई और नहीं, बल्कि उनके यहां काम करने वाला नौकर ही निकला। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने खौफनाक कदम उठाया था, जिसे पुलिस ने त्रिलोक गेस्ट हाउस रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया ।
रायपुर निवासी दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत 108 बुलाई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों और एसओजी ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान विनीत नाम के व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनीत कुमार (निवासी उत्तरकाशी, हाल निवासी अजबपुर कलां, देहरादून) को धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर मृतका का लूटा हुआ सोने का कड़ा और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी विनीत ने चौंकाने वाला खुलासा किया। वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप पर हेल्पर का काम करता था और उन्हें करीब 15 साल से जानता था। इसके अलावा वह एक सिक्योरिटी एजेंसी में रात्रि सुरक्षा गार्ड भी था। पिछले कुछ समय से उसके वेतन के पैसे बकाया थे, जिन्हें मांगने के बावजूद दिनेश बंसल उसे नहीं दे रहे थे।
घटना के दिन विनीत स्कूटी से उनके एमडीडीए डालनवाला कॉलोनी स्थित घर पहुंचा। उसे पता था कि पीछे का दरवाजा हमेशा खुला रहता है। घर पर अकेली मौजूद रेखा बंसल से उसने बकाया मजदूरी मांगी। इंकार करने पर दोनों में विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने अपने हाथ में पहने कड़े से वृद्धा के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे वे बिस्तर पर गिर गईं। चिल्लाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक दबा दी, जिससे उनकी दम घुटने से मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मृतका के बाएं हाथ का सोने का कंगन लेकर फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए थे।

