भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बोला हमला – कहा, देश विभाजन की दोषी कांग्रेस कर रही समाज को बांटने का षडयंत्र
कहा – जनता सभी एससी सीटों पर कमल खिलाकर कांग्रेस को सिखाएगी सबक,
स्वयं पर हुई एफआईआर को लेकर भी कांग्रेस पर बरसे
देहरादून । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि देश विभाजन करने वाली कांग्रेस, समाज विभाजन का षडयंत्र कर रही है। जिसकी सजा जनता कांग्रेस को प्रदेश की सभी एससी सीटों पर कमल खिलाकर देगी। उन्होंने कहा कि किसी झूठी शिकायत आधारित एफआईआर में भाजपा कार्यकर्ता और मेरा नाम डालना निन्दनीय है और कानूनी प्रक्रिया का जवाब संवैधानिक तरीके से दिया जाएगा।
पार्टी मुख्यालय में स्वयं पर हुई एफआईआर को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, उससे जुड़ा कोई मीडिया बयान या लिखित तथ्य किसी के पास नहीं है, तो ऐसे मुझ पर ऐसे आरोपों का प्रश्न ही खड़ा नहीं होता। इसी तरह हम बार-बार कह रहे हैं, हल्द्वानी घटना का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। एक स्वयंसेवी संस्था के द्वारा वह सब वहां पर संबंधित कार्यक्रम किया गया । लेकिन कांग्रेस चुनाव में हार सामने देख बौखलाई हुई है और उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस ने देश को तो बांट दिया, अब वो समाज को बांटने के काम में लगी हुई है। और सच्चाई है कि उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं द्वारा खड़गे जी को पूरी तरह गलत सूचना दी गई और उत्तराखंड के अंदर सामाजिक विद्वेष खड़ा करने का जो वातावरण कांग्रेस के लोगों द्वारा बनाया जा रहा है , उसका मुंहतोड़ जवाब उत्तराखंड की जनता और भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से देंगे। जिसके क्रम में पूरे प्रदेश के अंदर सभी जिलों में समरसता-सौहार्द का संकल्प का धरना हमने निश्चय किया हुआ है। कांग्रेस अब अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती है और हम उन्हें समाज को बांटने नहीं देंगे, समाज को टूटने नहीं देंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी यथास्थिति कानूनी प्रक्रिया का जवाब संवैधानिक तरीके से दिया जाएगा। वहीं आश्चर्य जताया कि जो रिपोर्ट दर्ज की गई कर्नाटक के अंदर, उसमें भाजपा कार्यकर्ता लिखा गया है। मैं इसकी भी कड़ी भर्त्सना करता हूँ। क्यूंकि वहां बीजेपी का कोई कार्यकर्ता नहीं था। जहां तक कांग्रेस के इस षड्यंत्र की बात है तो कांग्रेस को इससे बहुत बड़ी क्षति होने वाली है। वहीं दावा किया कि उत्तराखंड के अंदर जितनी भी अनुसूचित जाति की विधानसभाएँ हैं, हम लगातार अधिकांश सीटों को जीतते आए हैं। इसी दिशा में एक कदम आगे बढ़ते हुए इस बार हम प्रचंड मतों से हम सभी सीटें जीतेंगे।

