उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

राहुल गांधी ने विरोध के डर से पौड़ी और अल्मोड़ा दौरा किया निरस्त : दीप्ती रावत  कहा – खराब मौसम का हवाला केवल एक बहाना

दौरा निरस्त करने की घोषणा के समय पौड़ी में मौसम था सामान्य  आसमान साफ था और  खिली हुई थी धूप
देहरादून।भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री  दीप्ती रावत भारद्वाज ने कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पौड़ी और अल्मोड़ा दौरे के निरस्त होने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि खराब मौसम का हवाला केवल एक बहाना है। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस नेतृत्व जनता और पूर्व सैनिकों के सवालों का सामना करने से बच रहा है। उन्होंने कहा कि जिस समय दौरा निरस्त करने की घोषणा की गई, उस समय पौड़ी में मौसम सामान्य था, आसमान साफ था और धूप खिली हुई थी। ऐसे में मौसम को कारण बताना जनता को भ्रमित करने का असफल प्रयास है।
दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस को यह आभास हो गया था कि अग्निवीर योजना, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा सेना से जुड़े विषयों पर पूर्व सैनिक राहुल गांधी से सीधे सवाल पूछने वाले हैं। उत्तराखंड के सैनिक और पूर्व सैनिक यह भी जानना चाहते थे कि आखिर कांग्रेस नेतृत्व बार-बार भारतीय सेना के पराक्रम, सर्जिकल स्ट्राइक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रश्नचिह्न लगाने की राजनीति क्यों करता रहा है।
उन्होंने कहा कि देश कभी नहीं भूल सकता कि कांग्रेस के  नेता द्वारा समय-समय पर सेना और सैन्य नेतृत्व को लेकर विवादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत जी के प्रति भी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी द्वारा असम्मानजनक बयान दिए गए, जिससे सैनिक समाज की भावनाएं आहत हुई थीं। उत्तराखंड की जनता ऐसे विषयों पर राहुल गांधी से स्पष्ट जवाब चाहती थी।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि स्थानीय जनता में भी कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को लेकर व्यापक असंतोष है। इसी कारण संभावित विरोध और जनआक्रोश से बचने के लिए दौरा निरस्त किया गया। भारतीय सेना और पूर्व सैनिकों का अपमान करने वाले कांग्रेस नेता जब उनके प्रश्नों का सामना करने का समय आया तो वह दो कदम पीछे हट गए और दौरा निरस्त कर दिया। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस की राजनीति केवल बयानबाजी तक सीमित है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों, शहीदों और पूर्व सैनिकों की भूमि है। यहां की जनता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है और राजनीतिक स्वार्थ के लिए सेना तथा सैनिकों के मनोबल से खिलवाड़ करने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता कांग्रेस के इस रवैये को भली-भांति समझती है और आने वाले समय में इसका उचित जवाब अवश्य देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *