उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाएं कार्यकर्ता:  जोशी, कहा – कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपने लंबे राजनीतिक इतिहास में झांकना चाहिए

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर की चर्चा
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा के श्रीदेव सुमन नगर मंडल के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा एक माह का देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से होगी। इस दौरान जनभागीदारी, जनसेवा और समर्पण के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री  जोशी ने राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा लगाए गए ‘मंच शुद्धिकरण’ के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपने लंबे राजनीतिक इतिहास में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक दलितों और समाज के विभिन्न वर्गों के नाम पर राजनीति की, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण और सामाजिक न्याय की दिशा में काम किया है। कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा और उसकी ताकत का आधार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ है। जिस विचारधारा से निकली भाजपा ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों से लेकर संसद, विधानसभा और नगर निकायों तक समाज के प्रत्येक वर्ग को नेतृत्व का अवसर दिया है, उस भाजपा पर सामाजिक भेदभाव का आरोप लगाना कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, वरिष्ठ नेता आर. एस.परिहार, निरंजन डोभाल, जगदीश सेमवाल, सुरेंद्र राणा, आशीष थापा, भावना चौधरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा, समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही कांग्रेस
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक न्याय को नई मजबूती मिली है। दलित समाज के लोगों को देश के सर्वोच्च पदों सहित महत्वपूर्ण संवैधानिक और राजनीतिक जिम्मेदारियां मिली हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ काम कर रही है। हल्द्वानी की घटना पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के बाद संबंधित स्थल पर भारी गंदगी फैली हुई थी और कुछ लोगों द्वारा विवादित नारे लगाए जाने की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि उक्त मैदान धार्मिक महत्व का है और वहां रामलीला का मंचन होता है। स्थानीय धार्मिक संगठनों ने स्थल की साफ-सफाई और शुद्धिकरण कराया। इस पूरी घटना से भाजपा या राज्य सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। मंत्री  जोशी ने कहा कि कांग्रेस इस विषय को राजनीतिक रंग देकर समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *