उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी का ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन – ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोबरा गैंग के 2 विदेशी समेत 3 ड्रग पैडलर गिरफ्तार , लाखों की कीमत की कोकीन हुई बरामद

हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की होती थी सप्लाई ,
एसएसपी ने सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 2500  का नगद पुरस्कार देने की घोषणा
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ के विजन को साकार करने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राजपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों सहित तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के पास से 20 लाख रुपये अनुमानित मूल्य की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की गई है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल ने बताया कि राजपूर थाना अध्यक्ष पी डी भट्ट  व जाखन चौकी प्रभारी सूरज कंडारी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग के ड्रग पैडलर राजपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने आए हैं। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की। पुलिस ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास से एक स्कूटी पर सवार दो विदेशी नागरिकों को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा। वहीं, दूसरी कार्रवाई में सीआईएसएफ तिराहा, ओल्ड मसूरी रोड के पास से एक कार सवार युवक को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार विदेशी अभियुक्त मूल रूप से सूडान के नागरिक हैं, जो कोबरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून में पार्टियों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने मामले में माइकल इक्का मेकसन, लेविकिरी वानिकी (दोनों सूडान निवासी) और जावेद आलम (देवबंद, सहारनपुर निवासी) को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और स्विफ्ट डिजायर कार को पुलिस ने सीज कर दिया है।गौरतलब है कि राजपुर पुलिस पूर्व में भी कोबरा गैंग के 13 पैडलरों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वर्ष 2026 के शुरुआती पांच महीनों में दून पुलिस अब तक लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है और 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 2500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अब इन तस्करों से मिले इनपुट के आधार पर उनके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *