उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग जनपद के नरकोटा में आर्मी ट्रक और कार की जबरदस्त भिड़ंत में पांच घायल, दो की हालत गंभीर मौके पर मची अफरा-तफरी 

रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर नरकोटा क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की तत्परता से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। इनमें दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार करीब 12 बजे नरकोटा क्षेत्र में आर्मी ट्रक और औरा कार आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में कार चालक जीतेन्द्र सिंह (25) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी देवाल, थराली (चमोली) तथा सुशीला देवी (40) पत्नी हयात राम, निवासी लोहाजंग (चमोली) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर रेफर किया गया।
इसके अलावा शांति देवी (45) पत्नी अर्जुन शर्मा, निवासी चांदपुर गढ़ी, हिमांशु (14) पुत्र हयात सिंह, निवासी लोहाजंग तथा भावेश (15) पुत्र अर्जुन, निवासी चांदपुर गढ़ी को भी चोटें आई हैं। सभी का उपचार जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में किया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *