उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा – यात्रा के शानदार आगाज और इंतजामों पर विपक्षी आरोप राजनैतिक , कहा – कांग्रेसी प्राथमिकता 27 की राजनीति, हमारा संकल्प सुरक्षित और सुगम यात्रा

यात्रा पीक सीजन को अभूतपूर्व बनाने के लिए देवभूमि तैयार ,
यात्रा की सफलता देख कांग्रेस पुनः झूठ, भ्रम की राजनीति पर उतरी 
देहरादून। भाजपा ने चार धाम यात्रा के सुव्यवस्थित, सुरक्षित और शानदार तरीके से आगे बढ़ने पर संतुष्टि जताई है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद ने यात्रा प्रबंधन और श्रृद्धालुओं की सुरक्षा के लिए धामी सरकार द्वारा किए इंतजामों को प्रयाप्त बताते हुए, आने वाले दिनों यात्रा पीक के लिए भी देवभूमि के तैयार होने का दावा किया है। उन्होंने यात्री संख्याओं और व्यवस्थाओं पर विपक्ष आरोपों को हताशा बताते हुए कहा, उनके लिए प्रदेश हित से अधिक महत्वपूर्ण 27 की चुनावी राजनीति है। जबकि हमारी सरकार और संगठन की प्राथमिकता है जनसहयोग से सुरक्षित और सफल यात्रा का संचालन।
उन्होंने मीडिया द्वारा पूछे सवालों का जनाब देते हुए कहा कि देवभूमि में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष भी अत्यंत सुव्यवस्थित, सुरक्षित और शानदार तरीके से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जो अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं, उसका परिणाम है कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या शुरुआत से ही लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है।
सरकार का यात्रा प्रबंधन पूरी तरह पर्याप्त और चाक-चौबंद है। स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर सड़क सुरक्षा और रहने-खाने की व्यवस्था तक, हर स्तर पर समुचित इंतजाम किए गए हैं। हमारी सरकार और संपूर्ण देवभूमि अपने ‘देवतुल्य मेहमानों’ और प्रभु भक्तों के स्वागत एवं आवभगत के लिए पूरी तरह सजगता और कटिबद्धता से कार्य कर रही है।
वहीं उन्होंने यात्रा को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्ष की भूमिका पर गहरा अफसोस व्यक्त करते हुए कहा कि
अपनी पुरानी कार्यशैली के अनुरूप इस बार भी यात्रा को लेकर भ्रम और झूठ फैलाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। विपक्ष को इस बात से कोई सरोकार नहीं है कि उनके झूठे प्रचार से देवभूमि की छवि खराब हो सकती है, जिसका नकारात्मक प्रभाव यात्रा पर पड़ सकता है। यात्रा के खिलाफ दुष्प्रचार करके विपक्ष सीधे तौर पर स्थानीय छोटे व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और युवाओं के रोजगार अवसरों पर चोट कर रहा है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए ‘मिशन 2027’ के चुनाव प्रदेश के हित से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। सत्ता की लालसा में वे यह भूल गए हैं कि उनके गैर-जिम्मेदाराना बयानों का खामियाजा उत्तराखंड की जनता को भुगतना पड़ सकता है।
जबकि भाजपा एक जिम्मेदार राजनैतिक संगठन होने के नाते हम प्रदेश की सफल, सुरक्षित और सुगम यात्रा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। भाजपा संगठन और सरकार राज्यवासियों के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रहा है ताकि देश-दुनिया से आने वाला हर भक्त यहाँ से सुखद स्मृतियाँ लेकर जाए। वहीं विपक्ष से अपील की कि वे विकास और जनहित के कार्यों में रोड़ा अटकाने के बजाय सकारात्मक भूमिका निभाएं और प्रदेश की आर्थिकी की रीढ़ ‘चारधाम यात्रा’ को बदनाम करना बंद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *