भाजपा परिवार जनसहभागिता से व्यापक स्वरूप में मनाएगा स्थापना दिवस,मुख्यमंत्री व सांसद सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होंगे कार्यक्रम
गांवों, बूथों पर विचारधारा के साथ सरकार के कामों को आगे बढ़ाएंगे कार्यकर्ता
देहरादून । भाजपा परिवार अपने संगठन के स्थापना दिवस को बूथ एवं गांव स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्वरूप में मनाने जा रही है। मुख्यमंत्री एवं सभी पार्टी जनप्रतिनिधि की सहभागिता से होने वाले इन कार्यक्रमों को पार्टी विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ, डबल इंजन सरकार के कामों का लाभ जनता को दिलाने की दृष्टि से किया जाएगा।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि 6 अप्रैल को भाजपा अपने सांगठनिक स्थापना दिवस को भव्य एवं व्यापक स्वरूप में मनाने जा रही है। देश की तरह प्रदेश में भी कोने-कोने में लाखों कार्यकर्ता, स्थापना दिवस को विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास से मनाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट के निर्देश पर 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक गांव स्तर बड़े कार्यक्रमों के साथ बूथ स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगी।
कार्यक्रम को लेकर अपने संदेश में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि, पार्टी की विशिष्ट विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता तथा कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम से समाज के प्रत्येक वर्ग का अपार जन समर्थन हमे मिल रहा है तथा लगातार पार्टी का विस्तार हो रहा है। आज भाजपा विकास का पर्याय है, विश्वास का पर्याय है, नए विचार का पर्याय है और देश की विजय का पर्याय है। भाजपा की कार्यशैली सर्वसमावेशी है, सर्वस्पर्शी है, सर्वजन का हित करने वाली है। भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं, एक विचार है जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण है, जन कल्याण है। भाजपा मतलब मिशन, भाजपा मतलब समाज सेवा, भाजपा मतलब सशक्तिकरण, भाजपा मतलब नए भारत का निर्माण।

