देहरादून में 15वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 210 यूनिट रक्त हुआ एकत्र, महेंद्र भट्ट बोले – एक यूनिट रक्त से बच सकती है तीन लोगों की जान
लाइफ केयर पेथोलॉजी सेंटर और लाइफ केयर फाउंडेशन ने संयुक्त तौर पर इस रक्तदान शिविर का किया आयोजन
देहरादून। मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब लाईफ केयर पैथोलॉजी सेंटर द्वारा 15वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 210 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
लाइफ केयर पेथोलॉजी सेंटर और लाइफ केयर फाउंडेशन ने संयुक्त तौर पर इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का स्वागत कर उन्हें प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे आयोजन लोगों को जागरूक करते हैं और जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यक्रम में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं एमएस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉ. रविंद्र बिष्ट ,विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार , वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी व पूर्व दर्जाधारी रविंद्र जुगरान, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एसडी जोशी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा,
सीआईएमएस- यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, कमली भट्ट (पार्षद नगर निगम देहरादून) और राजबीर सिंह बिष्ट (मेम्बर बार काउंसिल उत्तराखंड), जनसंपर्क अधिकारी दून मेडिकल कॉलेज सन्दीप राणा सहित कई गणमान्य लोग, पत्रकार व समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल को समाज के लिए बेहद जरूरी बताया।
आयोजक राजेश रावत ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 31 पत्रकारों एवं समाजसेवियों को “स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया।

