Good News – गैरसैंण में शीघ्र खुलेगा केन्द्रीय विद्यालय , केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने केवि की स्थापना पर दी अपनी सहमति : डॉ रावत
दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से की कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने मुलाकात
नई दिल्ली/देहरादून।पश्चिम बंगाल के दौरे से लौटते समय सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद रहे।मुलाकात के दौरान डा. रावत एवं सांसद बलूनी ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव रखा। दोनों नेताओं ने गैरसैण में केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुये बताया कि राज्य सरकार द्वारा गैरसैंण में प्रशासनिक कार्यकलापों का विस्तार कर रही है, साथ ही आधारभूत संरचनाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।उन्होंने बताय कि गैरसैंण व आस-पास के गांवों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार प्रयासरत है, लेकिन केन्द्रीय शिक्षण संस्थान की स्थापना से ग्रीष्मकालीन राजधानी व आस-पास के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान में पढ़ने का मौका मिल सकेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में पलायन की समस्या को भी काफी हद तक रोका जा सकेगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना पर अपनी सहमति प्रदान की।
भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले डॉ. रावत, कई अहम मुद्दों हुई चर्चा
कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डा. रावत ने केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के साथ राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की, साथ ही पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों के लेकर पार्टी की तैयारियों व चुनावी प्रबंधन के बारे में भी जानकारी साझा की।

