राष्ट्रपति के देहरादून दौरे को लेकर उच्च अधिकारियों ने किया मंथन,प्रेजिडेंट एस्टेट के भीतर संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा
राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव ने अधिकारियों से की चर्चा,
राष्ट्रपति उद्यान व अन्य निर्माणाधीन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश,
राष्ट्रपति निकेतन में हॉर्स राइडिंग एरीना, फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरा
देहरादून।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित दून यात्रा को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डॉ. गुप्ता ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियां की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के अंतर्गत देहरादून में बनाए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों को तय समय में पूरा किया जाय।
राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. सविन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, मुख्य नगर अधिकारी देहरादून नमामि बसंल सहित अनेक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में राष्ट्रपति के निकट भविष्य में देहरादून के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रेजिडेंट एस्टेट के भीतर संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
132 एकड़ में आकार ले रहा राष्ट्रपति उद्यान
राष्ट्रपति संपदाओं को “राष्ट्र का भवन” बनाने की महत्वपूर्ण पहल के चलते देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन एवं राष्ट्रपति तपोवन की स्थापना के बाद राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य तेजी से जारी है। 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में बन रहा राष्ट्रपति उद्यान के कार्यों को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है।
राष्ट्रपति उद्यान की परिकल्पना सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है। जनसहभागिता, संस्कृति और नागरिक गौरव के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किए जा रहे इस उद्यान के भीतर थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग, तितली गृह और पक्षीशाला, सुरम्य झील जैसे प्रमुख आकर्षण होंगे। देश का दूसरा सबसे ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ इस उद्यान की पहचान का अहम हिस्सा होगा। उद्यान में पैदल एवं साइकिल ट्रैक, सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु आठ सौ से अधिक लोगों की क्षमता का एक मुक्ताकाशी रंगमंच, सार्वजनिक पुस्तकालय एवं फूड प्लाजा की भी व्यवस्था होगी।

