बड़ी कामयाबी: पुलिस ने 10 करोड़ के 5365 खोए मोबाइल फोन किए बरामद
जनपद ऊधमसिंहनगर ने सर्वाधिक 1612 मोबाइल फोन ट्रेस कर प्रथम स्थान प्राप्त किया
देहरादून । उत्तराखण्ड पुलिस ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सेंट्रल आइडेंटिटी रजिस्टर् (पोर्टल की सहायता से राज्य में इस वर्ष जनवरी से अब तक कुल 5365 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक है।
यह उपलब्धि मोबाइल चोरी एवं गुमशुदगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा जनता की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर एक केंद्रीकृत प्रणाली है, जिसके माध्यम से मोबाइल हैंडसेट के आईएमईआई नंबर के आधार पर गुम या चोरी हुए फोन को ट्रैक किया जा सकता है।
राज्य के विभिन्न जनपदों में पुलिस टीमों ने समन्वित प्रयासों के माध्यम से यह सफलता अर्जित की है। इनमें जनपद ऊधमसिंहनगर ने सर्वाधिक 1612 मोबाइल फोन ट्रेस कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। माह नवम्बर में हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित उत्तरीय राज्यों की कॉन्फ्रेंस में ऊधमसिंहनगर जनपद द्वारा इस सफल मॉडल के सम्बन्ध में प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस सफलता के लिए सभी जनपदों की पुलिस टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी प्रयोग पुलिस कार्य प्रणाली को अधिक दक्ष, पारदर्शी और जन-केंद्रित बना रहा है।

