उत्तराखंडचमोली

गैरसैंण विधानसभा का मानसून सत्र  अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, दूसरे दिन भी माहौल बना रहा हंगामेदार ,सरकार ने 9 विधेयक और 5,315.89 करोड़ का अनुपूरक बजट पास करवाया

चार दिवसीय सत्र डेढ़ दिन में हुआ समाप्त ,
हंगामे के चलते 1 घंटा 45 मिनट में 8 बार स्थगित हुआ सदन
गैरसैंण , भराड़ीसैंण।उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में 19 अगस्त से शुरू हुआ विधानसभा का मॉनसून सत्र दूसरे दिन 20 अगस्त को ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
विधानसभा मॉनसून सत्र का दूसरा दिन भी पहले दिन की तरह की हंगामेदार रहा। विपक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा। इसी बीच सरकार की ओर से 9 विधेयक और 5,315.89 करोड़ का अनुपूरक बजट पास करवा लिया गया ।
पहले दिन सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद से जारी विपक्षी विधायकों का धरना रात भर चला। बुधवार की सुबह भी विपक्ष का धरना जारी रहा। सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद भी विपक्ष नहीं माना ।
कांग्रेस के विरोध में भाजपा विधायकों ने की विधानसभा परिक्रमा
गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा सदन के अंदर कांग्रेस के लगातार प्रदर्शन से  भाजपा विधायकों ने गुस्सा जाहिर किया।कांग्रेस द्वारा सदन ना चलने देने पर भाजपा विधायकों ने विधानसभा की परिक्रमा की।
सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस का धरना जारी रहा।नेता प्रतिपक्ष लगातार खड़े होकर अपने माइक पर लगातार कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग करते रहे ।
11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया।  सदन 15 मिनट के लिए  स्थगित हुआ।. फिर कार्यवाही शुरू होते ही हंगाम हुआ. कांग्रेस विधायक वेल में उतरकर चर्चा चर्चा के नारे लगा रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष खड़े होकर अपने माइक पर लगातार कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। हंगामे के कारण सदन एक बार फिर 12 बजे तक के लिए स्थगित हुआ।
संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल बोले – विपक्ष ने सदन को होटल बना दिया 
गैरसैंण में विपक्ष के रातभर चले धरने पर संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतिक्रिया दी है।  सुबोध उनियाल ने कहा कि विपक्ष ने सदन को होटल बना दिया है।उन्होंने कहा कि मनाने का प्रयास हुआ है, लेकिन विपक्ष हठधर्मिता पर अड़ा हुआ है। संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि सत्ता पक्ष तैयार है, लेकिन विपक्ष के पास विजन नहीं है, मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह भागने का काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *