उत्तराखंडउधमसिंह नगरशिक्षा

बड़ी सौगात – सीएम पुष्कर धामी ने खटीमा में किया 26.23 करोड़ से निर्मित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का लोकार्पण

2019 से खटीमा में संचालित केंद्रीय विद्यालय को मिला अपना भवन
खटीमा। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को 26.23 करोड़ से नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय खटीमा का लोकार्पण किया। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय परिवार ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर  मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये । कार्यक्रम के बाद सीएम धामी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खटीमा के परिसर में पौधरोपण भी किया। अखिल भारतीय शिक्षा समागम कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह क्षण हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि जब देश में शिक्षा क्षेत्र में आई नई क्रांति के 5 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर हमारे खटीमा में भी ज्ञान और विज्ञान के नए युग का सूत्रपात हो रहा है।इस सौगात के लिए उन्होंने सभी खटीमा वासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का हृदय तल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि मेरे छात्र जीवन के दौरान खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता तो शायद मैं भी इसी विद्यालय का छात्र होता और मुझे भी शिक्षा के लिए खटीमा से बाहर नहीं जाना पड़ता। इसलिए विधायक रहते हुए मैंने खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए हर संभव प्रयास किए। आज अत्यंत गर्व का विषय है कि इस विद्यालय का लोकार्पण स्वयं देश के शिक्षा मंत्री के द्वारा संपन्न हो रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि खटीमा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से यहाँ के बच्चों के लिए न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे बल्कि ये विद्यालय हमारे बच्चों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। जिसके अंतर्गत हमने प्रदेश के 5600 से अधिक आंगनवाड़ी केन्द्रों में “बालवाटिका” कक्षाओं की शुरुआत कर एक महत्वपूर्ण और दूरगामी शैक्षणिक पहल की है।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल से लेकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। खटीमा में हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज तथा 100 बेड के नए अस्पताल परिसर का निर्माण कर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया है।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नगर पालिका रमेश चंद जोशी, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी/अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन केवि के नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शाशनी, डीएफओ हिमांशु बागरी, एएसपी डॉ उत्तम सिंह नेगी, प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय त्रिभुवन प्रकाश आर्य, उपायुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग डॉक्टर स्वीकृति रमन, सहायक आयुक्त स्वाति अग्रवाल, प्रधानाचार्य त्रिभुवन प्रकाश आर्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रभारी हरप्रीत कौर, स्वागत प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा, व्यवस्थापक सुधांशु अग्रवाल, संचालक जैनब निजाम, गौरव तिवारी, नकुल चंद, देवेंद्र चंद रावत, वर्षा कुमारी सहित केंद्रीय विद्यालय खटीमा के समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *