राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर देहरादून में चलाया गया जागरूकता अभियान, सीएमओ डॉ मनोज शर्मा ने कहा – डेंगू से बचाव तथा रोकथाम के लिए जनभागीदारी जरूरी
स्कूलों के बच्चों और स्टाफ को डेंगू रोकथाम की शपथ दिलाई गई, सावधानी और जागरूकता के लिए पंपलेट बांटे गए
देहरादून।राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग देहरादून द्वारा विभिन्न जागयकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय के लिए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शिक्षा विभाग, समेकित बाल विकास परियोजना, नगर निगम देहरादून सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया । बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी रेखीय विभागों को अवगत कराया कि डेंगू की रोकथाम के लिए वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डेंगू रोकथाम अभियान जन सहभागिता से ही सफल हो सकता है। इसके लिए सभी विभागों को समुदाय से जुड़ कर जागरूकता अभियान में जुटना होगा जिससे अधिक से अधि जनभागीदारी को सुनिश्चित किया जा सके।
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान देहरादून में कार्यशाला का आयोजन कर छात्र-छात्राओं तथा स्टाफ को डेंगू रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गयी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ सीएस रावत ने संस्थान निदेशक से अनुरोध किया कि संस्थान के कार्यालय परिसर तथा छात्रावास परिसर में साफ-साफाई अभियान चलाकर डेंगू रोकथाम में सहभागिता करें।
देहरादून के शहरी क्षेत्र तथा ऋषिकेश में विभिन्न वार्डों में आशा कार्यकत्रियांे, आशा फैसिलिटेटर तथा डेंगू वॉलेंटियर ने सघन सर्वेक्षण के साथ-साथ जागरूकता अभियान चलाया ।
स्वास्थ्य विभाग की और से शहरी क्षेत्र के बंजारावाला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंजारावाला में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर डेंगू से बचाव तथा रोकथाम के बारे में जानकारी दी गयी। साथ ही विद्यालय के स्टाफ तथा विद्यार्थियों को डेंगू रोकथाम के लिए शपथ भी दिलायी गयी।

