भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पंजाबी गौरव सम्मेलन में कहा – पीएम मोदी ने एसआईटी गठित कर, सिख नरसंहार दोषियों को सजा दिलाने का बीड़ा उठाया
कहा – करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलकर मोदी ने ऐतिहासिक गलती को सुधारा,
रोप-वे परियोजना से 45 मिनट में हेमकुंड साहिब के दर्शन ,
पंजाब, उत्तराखंड के विकास से मिलेगी, विकसित भारत अभियान को गति
रुद्रपुर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित किया और गुरु नानक देव , गुरु गोविंद सिंह और चार साहिबजादों के त्याग को नमन करते हुए देश को विकसित बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 1984 के सिख नरसंहार, करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस, नागरिकता संशोधन कानून और हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना का उल्लेख किया। नवीन ने नशामुक्त युवा संकल्प अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए पंजाब और उत्तराखंड के विकास को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, सांसद अजय भट्ट सहित पंजाबी और सिख बिरादरी के सदस्यगण और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
नितिन नवीन ने कहा कि मैं पटना साहिब की धरती से आया हूं। पटना मेरा घर और कर्मभूमि है। उस पवित्र स्थान से आकर मैं सभी का प्रणाम और अभिनंदन करता हूं। मैं उत्तराखंड की पावन धरा पर स्थित तीनों पवित्र धामों – हेमकुंड साहिब, नानकमत्ता साहिब और रीठा साहिब को भी शीश झुकाकर नमन करता हूं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 1947 के विभाजन की पीड़ा के समय तराई का एक-एक परिवार अपने पुरखों की निशानियों को छोड़कर यहां आकर बसा और आज यही ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड का अन्न भंडार कहलाता है। 1960 में पंतनगर में पहला कृषि विश्वविद्यालय स्थापित हुआ, जहां हरित क्रांति की नींव पड़ी। मैं शहीद ऊधम सिंह जी के नाम पर बने इस जिले और तराई के निर्माण में सिख भाइयों के योगदान को नमन करता हूं। 1984 के सिख नरसंहार की पीड़ा के समय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था, “कलेजे में कटार गड़ गई, दूध में दरार पड़ गई।” तीन दशकों तक दोषियों को सजा नहीं मिली, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2015 में एसआईटी का गठन किया। 1984 में निर्दोष सिख भाइयों के खिलाफ किए गए अमानवीय पाप को न देश कभी भूलेगा और न भारतीय जनता पार्टी कभी माफ करेगी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए निर्णयों में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जहां गुरु नानक देव ने अपने जीवन के 18 वर्ष बिताए थे। 72 वर्षों तक श्रद्धालु जिसे दूरबीन से देखते थे, उस ऐतिहासिक गलती को सुधारते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 9 नवंबर 2019 को करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला।
प्रधानमंत्री मोदी ने 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया, जिससे 6 वर्ष के बाबा जोरावर सिंह और 9 वर्ष के बाबा फतेह सिंह के बलिदान को देशभर में उचित सम्मान मिला।
हेमकुंड साहिब की कठिन यात्रा को आसान बनाने के लिए सरकार ने 2700 करोड़ रुपये की लागत से रोप-वे परियोजना शुरू की है, जिससे अब केवल 45 मिनट में दर्शन किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने के प्रयास सराहनीय हैं। पंजाब में युवाओं में फैल रही नशे की लत सिख समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है। जिस प्रकार देश से नक्सलवाद को समाप्त किया गया, उसी प्रकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार ने देश तथा पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प लिया है। मैं सभी से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2 अगस्त को शुरू किए गए ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने का आह्वान करता हूं। मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी इस अभियान को उत्तराखंड के युवाओं के बीच पूरी ताकत से चलाने का आग्रह करता हूं।
उन्होंने उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनकी पूरी टीम का भी आभार व्यक्त किया कि उन्होंने आज मुझे समाज के साथ बैठने का मौका दिया।
इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट , राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी सांसद अजय भट्ट केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा , प्रदीप बत्रा भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार , दीप्ति रावत , तरुण बंसल उपस्थित रहे । सम्मेलन का संचालन बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने किया ।

