भाजपा एससी मोर्चा ने प्रदेशभर में राहुल गांधी का पुतला दहन कर किया प्रदर्शन, कहा – कांग्रेस नेता ने झूठे जातिवादी आरोप से देवभूमि को बदनाम करने का पाप किया
देहरादून। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के झूठे जातिवादी बयानों के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में उनका पुतला दहन किया। मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस, देश दुनिया में देवभूमि को बदनाम कर उसकी छवि खराब करने का पाप कर रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को मोर्चे कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य के सभी जिलों में यह विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। इस दौरान प्रदर्शन में घुनियाल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देवभूमि उत्तराखंड के नागरिकों एवं भाजपा पर भ्रामक और झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं तथा उत्तराखंडवासियों को जातिवादी बताकर देश-दुनिया में बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सैनिक बहुल उत्तराखंड की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। यह वह राज्य है, जिसके वीर जवान देश की आन, बान और शान के लिए सदैव समर्पित रहे हैं तथा अनेक वीरों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कथित षड्यंत्रपूर्ण एवं असत्य बयानों का मुंहतोड़ जवाब देने तथा उत्तराखंड की अस्मिता और गरिमा की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया गया है। जिसमें आरोप लगाया गया कि कांग्रेस को राजनीतिक लाभ के लिए उत्तराखंड की सामाजिक संरचना और प्रदेशवासियों की भावनाओं को लेकर भ्रामक प्रचार करने से बचना चाहिए। जबकि श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कार्यक्रम के पीछे किसी भी प्रकार की दलित विरोधी भावना नहीं थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक एवं सामाजिक घटनाओं को भी राजनीतिक विवाद का रूप देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से ऐसी राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में भाईचारे, शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने की अपील की।
महानगर भाजपा ने भी किया विरोध पदर्शन
देहरादून।भारतीय जनता पार्टी महानगर अनुसूचित मोर्चा के द्वारा राहुल गांधी द्वारा जातीय टिप्पणी करने लैंसडाउन चौक पर पुतला दहन कार्यक्रम किया गया।
पुतला दहन में सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की जाति-पाति की विभाजनकारी राजनीति के माध्यम से समाज में वैमनस्यता फैलाने के प्रयासों के विरोध में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महानगर के अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से समाज को जाति, वर्ग और समुदाय के नाम पर बांटकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशती रही है। इस बार कांग्रेस द्वारा अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता और पिछड़े समाज से आने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का राजनीतिक उपयोग कर उत्तराखंड में जातीय विभाजन पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।पुतला दहन में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह, दर्जाधारी राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी, सुनील शर्मा ,विजेन्द्र थपलियाल, संकेत नौटियाल, रविंद्र वाल्मीकि ,सुरेंद्र घेल ,जयपाल बाल्मीकि, मनोज जाटव, भाजपा महानगर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

