उत्तराखंडदेहरादून

सफल एलटी अभ्यर्थियों ने नियुक्ति प्रक्रिया में सहयोग के लिए जताया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आभार, महेंद्र भट्ट ने  युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता दोहराई

देहरादून । सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के संशोधित परिणाम में चयनित अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट का उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
पार्टी मुख्यालय में सहायक अध्यापक (एलटी) परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष से शनिवार को मुलाकात की । जिसमें उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में उत्पन्न समस्याओं के समाधान और युवाओं के हित में दिए गए निरंतर रचनात्मक एवं सकारात्मक सहयोग के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का हृदय से आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा पूर्व में प्रकाशित 1544 पदों की भर्ती प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के निर्देशों का कुछ गलत प्रश्नों के समायोजन अनुपालन करते हुए संशोधित परिणाम जारी किया गया था। इस संशोधित परिणाम के माध्यम से कट-ऑफ में आकर 564 नए अभ्यर्थी चयन की श्रेणी में आए हैं। इससे पूर्व संबंधित अभ्यर्थियों द्वारा पूर्व में अपनी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात की गई थी। तब उनके अनुरोध पर प्रदेश अध्यक्ष द्वारा संबंधित उच्च अधिकारियों से चर्चा की गई थी और सफल परिणाम सामने आया।
इसी क्रम में सफल अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष का रचनात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया कि इन 564 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण होना अभी शेष है। इसके अलावा, पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों में से लगभग 70 अभ्यर्थियों द्वारा कार्यभार ग्रहण न करने व अन्य कारणों से भी पद रिक्त चल रहे हैं। अभ्यर्थियों ने निवेदन किया कि शासन एवं शिक्षा विभाग स्तर पर समन्वय स्थापित कर शेष प्रक्रियाओं को जल्द पूर्ण कराया जाए, ताकि राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हो सके और लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अभ्यर्थियों की बात को संवेदनशीलता से सुना और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार युवाओं के हितों को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र अति शीघ्र पारदर्शी व त्वरित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
​वहीं उम्मीद जताई कि न केवल 564 नवचयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति प्राप्त होगी, बल्कि प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होने से छात्र-छात्राओं को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *