उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

कांग्रेस को भ्रम फैलाने के बजाय सामाजिक सौहार्द की चिंता करनी चाहिए : खजान दास, कहा – दलित अपमान का झूठ फैलाकर, कांग्रेस देवभूमि का माहौल और छवि कर रही खराब 

कहा – आरोपों से बचने के लिए कांग्रेस, जातीय राजनीति को  बना रही ढाल,
सत्ता की हताशा में कांग्रेस ने झूठ एवं भ्रम की सभी राजनैतिक मर्यादाएं तोड़ी
देहरादून  । भाजपा ने कांग्रेस पर  जातीय राजनीति को ढाल बनाने का आरोप लगाया है, जो दलितों के नाम पर झूठ फैलाकर, देवभूमि का माहौल और छवि दोनों खराब कर रही है। जबकि भाजपा कभी भी जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर समाज को बांटने का कार्य नहीं करती और न ही इस प्रकार की किसी गतिविधि का समर्थन करती है। लेकिन सत्ता की हताशा में कांग्रेस ने झूठ एवं भ्रम फैलाने में सभी राजनैतिक मर्यादाएं तोड़ दी हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री एवं पार्टी प्रदेश प्रवक्ता खजान दास ने कहा कि, पार्टी का सदैव प्रयास रहा है, समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और चारधाम एवं अनेक तीर्थस्थलों की पवित्र भूमि है। यहां समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं को तथ्यों को नकार कर शुद्धीकरण कार्यक्रम को लेकर जनता में भ्रम फैलाना बंद करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास नामक सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित किया गया था। संस्था के पदाधिकारियों ने स्वयं स्पष्ट किया है कि यह एक सामाजिक संस्था है और इसका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। ऐसे में बिना तथ्यों के इस कार्यक्रम को भाजपा से जोड़ना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास ने भी स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के पीछे किसी भी प्रकार की दलित विरोधी भावना नहीं थी। संस्था के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में लगाए गए कथित इस्लामिक नारों और कथित हिंदू विरोधी तत्वों की मौजूदगी के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस धार्मिक एवं सामाजिक घटनाओं पर झूठ फैलाकर राजनीतिक विवाद का रूप दे रही है। कांग्रेस को ऐसी राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में भाईचारे, शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द की चिंता करनी चाहिए। पत्रकार वार्ता के दौरान राज्य मंत्री एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र वाल्मीकि, प्रदेश महामंत्री विनोद लक्खा, डा सुमेर चंद रवि, रणजीत सिंह जाखी, दयाराम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *