उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर  चौहान ने कहा – उत्तराखंड में कारगर साबित हुआ नकल कानून, पेपर लीक अब बीते दिनों की बात

भ्रामक राजनीति का हिस्सा बनने के बजाय संयम और विश्वास रखें बेरोजगार
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में युवाओं के भविष्य को देखते हुए कठोर नकल विरोधी कानून लाया गया, जो कि कारगर साबित हुआ है और पेपर लीक अब बीते दिनों की बात हो गयी है। चौहान ने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ द्वारा विभिन्न भर्ती परीक्षाओं एवं रोजगार संबंधी मांगों को लेकर किए गए प्रदर्शन का भारतीय जनता पार्टी सम्मान करती है। लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अनियमितताओं के कारण युवाओं का विश्वास टूट गया था। लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
चौहान ने कहा कि नकल कानून के तहत हुई कारवाई से नकल माफिया की कमर टूट गयी। कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर दंड सुनिश्चित किया गया। आज उत्तराखंड की भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी और विश्वासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रही हैं। धामी सरकार के कार्यकाल मे 40 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियां प्रदान दी गयी जिसमे शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, वन, सचिवालय, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं लोक सेवा आयोग के माध्यम से लगातार भर्ती प्रक्रियाएं संचालित की गई हैं। जहां भी किसी भर्ती में न्यायालय या तकनीकी बाधाएं आई हैं, सरकार ने उनका शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान महज सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता को भी समान रूप से प्राथमिकता दी गई है।
चौहान ने कहा कि बेरोजगार संघ द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। जिन भर्तियों की प्रक्रिया चल रही है, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा तथा जिन पदों पर नई भर्ती की आवश्यकता है, वहां विभागीय प्रस्तावों के अनुसार कार्रवाई आगे बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य  पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध नियुक्तियां सुनिश्चित करना है। उन्होंने बेरोजगार युवाओं से आग्रह किया की वे किसी भी प्रकार की भ्रामक राजनीति का हिस्सा बनने के बजाय सरकार पर विश्वास रखें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार युवाओं के हितों की रक्षा, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और अधिकतम रोजगार सृजन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *