भारी बारिश के चलते मसूरी देहरादून रोड पर भारी भूस्खलन, अगले आदेश तक वाहनों की आवाजाही पर रोक, कैबिनेट मंत्री जोशी ने दिए त्वरित मरम्मत के निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया है। मार्ग पर स्थित एक बैंड (मोड़) के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे देहरादून मसूरी मार्ग को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है।
उप जिलाधिकारी, मसूरी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आमजन की सुरक्षा और जान-माल की रक्षा को देखते हुए अगले आदेश तक इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी बारिश के कारण सड़क को नुकसान पहुंचा है. जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्ग पर परिवहन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
संबंधित विभागों को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और सड़क की मरम्मत और सुरक्षा कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे देहरादून मसूरी मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक व्यवस्था होने तक प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर है और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि, मॉनसून के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून-मसूरी मार्ग क्षतिग्रस्त: कैबिनेट मंत्री जोशी ने दिए त्वरित मरम्मत के निर्देश
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अतिवृष्टि के कारण देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होने के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग करते हुए सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित एवं सुचारु बनाया जाए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू होने तक आवश्यक परिस्थितियों में प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें।

