सेवा पखवाड़ा प्रभावी बनाने के लिए भाजपा ने लोकसभा एवं ब्लॉक स्तर पर सौंपी जिम्मेदारी
सेवा पखवाड़ा सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए भाजपा ने उतारी टीम
देहरादून । भाजपा ने सेवा सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए लोकसभा और ब्लॉक स्तर पर टीमों की तैनाती की है। जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वहन एवं प्रसार की दृष्टि से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के लिए विनय रूहेला के नेतृत्व में संगठन की तरफ से जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर जन जन की सरकार जन जन के द्वार अभियान के दूसरे चरण की सफलता के लिए सरकार में दायित्वधारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिसके क्रम में दायित्वधारी विनय रूहेला को प्रदेश संयोजक एवं लोकसभा स्तर पर नैनीताल के लिए गुंजन सुखीजा, गढ़वाल के लिए नलिन भट्ट, टिहरी के लिए आदित्य चौहान, अल्मोड़ा के लिए निर्मल मेहरा, हरिद्वार के लिए देवी सिंह राणा को सह संयोजक बनाया गया है। इसी तरह प्रदेश के सभी 95 ब्लॉकों में भी दायित्वधारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सभी, संबंधित लोकसभा एवं ब्लॉक के अंतर्गत होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जन सहभागिता सुनिश्चित कराने एवं उसे प्रभावी बनाने में प्रशासन से समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
कार्यक्रमों को लेकर सांगठनिक कार्ययोजना की जानकारी देते हुए परिहार ने बताया, यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं को लेकर राज्य सरकार 4 जुलाई से 18 जुलाई तक सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित कर रही है। जिसमें राज्य सरकार द्वारा किए गये विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसके अतिरिक्त जन समस्याओं के त्वरित समाधान, निराकरण के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा जन समस्याओं का निराकरण किए जाने के साथ ही नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा। सरकार की विगत 5 वर्षों की मुख्य उपलब्धियों, कार्यो, योजनाओं से सम्बन्धित जानकारी का प्रसार तथा राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी ब्लॉक स्तर पर आयोजित की जाएगी।

