उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने साधा निशाना : कहा – कार्यकर्ताओं को भ्रमित कर सियासी पर्यटन में मशगूल हैं काग्रेसी नेता

कहा -कांग्रेस का अब दुष्प्रचार का एजेण्डा भी साबित होने लगा है फ्लॉप शो 
देहरादून । भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय दिग्गज कार्यकर्ताओं को भ्रम में  रखकर उत्तराखंड में सियासी सैरसपाटे के लिए आ रहे हैं और जनता इसे बेहतर जान चुकी है। कांग्रेस का अब दुष्प्रचार का एजेण्डा भी फ्लॉप शो साबित होने लगा है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद  महेंद्र भट्ट ने तंज कसा कि इनके शीर्ष नेता यहां आकर भी भाग जाते हैं और जो बाकी रुक जाते हैं वो झूठ, भ्रम और अनर्गल ज्ञान बघारते हुए, जीत के हवाई किले बांधते हैं। जमीनी हकीकत, कांग्रेस कार्यकर्ता और जनता दोनों जानते हैं, लिहाजा कांग्रेस के लिए 27 का परिणाम 22 और 17 से बदतर होने वाला है।
मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का ज़बाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा विकास आधारित जनकल्याण की राजनीति करती है। जिसके क्रम में पीएम मोदी द्वारा बताए विकास और विरासत के मूलमंत्र पर मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में देवभूमि तेज गति से आगे बढ़ रही है। समस्त प्रदेशवासी डबल इंजन सरकार के कार्यों को अनुभव कर रहे है और अपना आशीर्वाद भाजपा को लागतार सभी चुनावों में दे रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी और उनके दिल्ली में बैठे आकाओं को देवभूमि की खुशी हजम नहीं हो रही है। यही वजह है कि देश की तरह उनके स्थानीय नेता लगातार नकारात्मक राजनीति कर, राज्य की छवि खराब करने के प्रयास में लगे रहते हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं के उत्तराखंड दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक बड़े नेता कुछ दिनों पहले बवंडर मचा कर हल्द्वानी आए थे और खराब मौसम का बहाना बनाकर भाग गए। न पहाड़ चढ़ने की उनकी हिम्मत हुई न ही मैदान में जनता से मिले और वर्चुअल माध्यम से झूठे आरोप और अनर्गल बयानबाजी कर चलते बने। वहीं अब जो प्रभारी आईं हैं वे भी दिल्ली से नकारत्मक राजनीति का संदेश लेकर अपने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची हैंं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छे से देख समझ रही है कि जो आपसी गुटबाजी के चलते विगत अनेकों वर्षों से प्रदेश टीम का गठन तक नहीं हो पाएं हों, वे क्या सोचकर सरकार में आने और जनता के लिए विकास कार्यों के दावे कर रहे हैं। जो पार्टी विचारों, सिद्धांतों, संगठन और नेतृत्व को लेकर पूरी तरह खोखली हो, उनकी बात पर खुली आँखों से कोई कैसे भरोसा कर सकता है। उनके द्वारा लगाए जा रहे आरोप और बयानबाजी पूरी तरह बेबुनियाद और अपने कार्यकर्ताओं को बरगलाने एवं जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश भर है।
प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीति और नीयत दोनों को अच्छी तरह से पहचान चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *