भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने अनेकों क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ की हासिल
देहरादून। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने
पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के सफल और शानदार कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम में कहा कि हम सभी यहाँ एक ऐतिहासिक अवसर पर एकत्रित हुए हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस मौके पर मौजूदगी में महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह केवल एक सरकार के 12 वर्ष नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, वैश्विक प्रतिष्ठा और जन-जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की गौरवशाली यात्रा के ये 12 वर्ष हैं। इन 12 वर्षों में भारत ने अनेकों क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ प्राप्त की हुई हैं। गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान से लेकर युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान करना, आधारभूत संरचना के विस्तार से लेकर डिजिटल क्रांति तक, हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक नेतृत्व वाले राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
जहां तक सवाल है उत्तराखंड का तो हमारे लिए भी ये 12 वर्ष विशेष महत्व रखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में प्रदेश विकास, निवेश, पर्यटन, कनेक्टिविटी, रोजगार और सांस्कृतिक गौरव के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।मीडिया संवाद के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हुए ऐतिहासिक कार्यों, जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत 2047 के विजन पर एक संक्षिप्त वृत्त चित्र प्रस्तुत किया गया।
संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी एवं प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन मुख्य रूप से मौजूद रही।

