प्रथम उत्तराखंड आगमन पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन , प्रदेश मुख्यालय में हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री धामी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित
मंत्री सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रथम उत्तराखंड आगमन पर उनका भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया । इस दौरान ढोल-दमौ, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचा कार्यालय परिसर गूंजता रहा।
अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर उमड़े कार्यकताओं ने पुष्पवर्षा कर जबरदस्त स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उत्तराखंड के उनके इस तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष का औपचारिक स्वागत प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सरकार के कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ से किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में समूचा पार्टी प्रदेश कार्यालय परिसर देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के रंग में सराबोर नजर आया। देवभूमि के पारंपरिक वाद्ययंत्रों—ढोल-दमौ के साथ समूचा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘भाजपा जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान होता रहा। मुख्यालय के मुख्य द्वार से लेकर मुख्य सभाकक्ष तक कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर अपने राष्ट्रीय नेतृत्व का पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया।

