राज्यपाल दो दिवसीय प्रवास पर लैंसडाउन पहुंचे, पूर्व सैनिक पर्यावरण उद्यान का किया उद्घाटन, महिला सशक्तिकरण केंद्रों का किया भ्रमण
सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
देहरादून/ पौड़ी । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को लैंसडाउन पहुंचे। भ्रमण के दौरान उन्होंने गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर (जीआरआरसी) में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए सैन्य गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण तथा जनपद पौड़ी की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित विषयों की जानकारी प्राप्त की।
लैंसडाउन स्थित शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत एवं गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर सुरक्षा बलों द्वारा राज्यपाल को आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
राज्यपाल ने सर्वप्रथम पूर्व सैनिकों एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “पूर्व सैनिक पर्यावरण उद्यान” का उद्घाटन किया। कैंट बोर्ड के अधिकारियों द्वारा राज्यपाल को उद्यान की संकल्पना, संरचना एवं पर्यावरणीय महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
उद्यान भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों से भी आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने राज्यपाल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जिस पर राज्यपाल ने उन्हें अनुशासन, शिक्षा एवं राष्ट्र सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद राज्यपाल ने “ऑल वुमेन कैफे” का भ्रमण किया। यहां उन्होंने स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पहाड़ी एवं पारंपरिक उत्पादों का अवलोकन किया।
इस दौरान राज्यपाल ने “भुल्ली सशक्तिकरण केंद्र” का भ्रमण किया। केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण एवं उत्पादन इकाइयों का अवलोकन करते हुए उन्होंने वहां कार्यरत महिलाओं एवं कार्मिकों से संवाद किया। राज्यपाल ने धातु कला अनुभाग, वीर नारी कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, ब्लॉक प्रिंटिंग अनुभाग, नन्ही कली केंद्र, हस्तनिर्मित कागज अनुभाग, ऊनी टोपी अनुभाग, शॉल अनुभाग, स्टोर कक्ष, मोनाल ब्यूटी पार्लर तथा मसाला केंद्र का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान छोटे बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए राज्यपाल भावुक एवं अभिभूत नजर आए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, खेलकूद एवं उनके भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कमान हॉल में जिलाधिकारी द्वारा राज्यपाल को जनपद की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों, पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। इस दौरान राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
इसी क्रम में रॉय हट में आयोजित स्टेशन ब्रीफिंग के दौरान राज्यपाल को क्षेत्र की सैन्य गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, सीओ निहारिका सेमवाल, सहित सेना, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

