उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

चम्पावत प्रकरण में भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने का किया जा रहा प्रयास , दुष्प्रचार और झूठ फैलाने की भूमिका के मद्देनजर सार्वजनिक माफी मांगे कांग्रेस पार्टी और उसके प्रदेश अध्यक्ष : दीप्ति रावत

भाजपा ने चम्पावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर लगाया मुख्य षड्यंत्रकारी की भूमिका का निर्वहन करने का  आरोप,
कहा -महिला होने के नाते कांग्रेस प्रभारी, महिला विरोधी कृत्यों पर अपने प्रदेश नेतृत्व से मंगवाएं माफी
देहरादून। भाजपा ने चम्पावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर मुख्य षड्यंत्रकारी भूमिका का निर्वहन करने का आरोप लगाया है।
प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश महामंत्री  दीप्ति रावत ने कहा कि बदला लेने की सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई निराधार घटना की आड़ में कांग्रेस, भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी को भी चुनौती देते हुए कहा कि महिला होने के नाते उन्हें अपने प्रदेश संगठन के महिला विरोधी कृत्यों को संज्ञान में लेते हुए उनसे माफी मंगवानी चाहिए।
उन्होंने चंपावत में 5 मई को सामने आए कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर कहा कि कांग्रेस बहुत गैरजिम्मेदाराना, असंवेदनशील और शर्मनाक व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच और प्रभावित बेटी के बयानों से अब शीशे की तरह साफ हो गया है कि पूरे मामले को बदले लेने की सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। जिसका राजनैतिक लाभ उठाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उनकी पार्टी नेताओं द्वारा भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। क्योंकि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है, वह आनंद मेहरा कांग्रेस नेता है, जो लगातार अपने बयान बदल रहा है। जिस तरह वह अब प्रभावित बेटी पर ही आरोप लगा रहा हैं, वह साफ संकेत है कि चुनाव लड़ने की राजनैतिक महत्वाकांक्षा के चलते यह सब षडयंत्र अंजाम दिया गया था। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे आनंद मेहरा को बिना तथ्यों के आरोप प्रत्यारोप के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए
दीप्ति रावत ने इस पूरे प्रकरण में दुष्प्रचार और झूठ फैलाने की भूमिका के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी और उनके प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। वहीं राज्य में मौजूद कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी को भी चुनौती दी कि जिस तरह महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर उनके प्रदेश अध्यक्ष और संगठन झूठ और साजिश की राजनीति कर रहा है, उसकी उन्हें निंदा करनी चाहिए। बेहतर हो कि वे एक महिला होने के नाते वे अपने प्रदेश नेताओं से सार्वजनिक माफी मनवाएं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद राजनैतिक हताशा में कांग्रेस पार्टी अब साजिशें रचने में जुटी हुई है। चम्पावत की यह घटना इसका शर्मनाक जीता जगता प्रमाण है। स्पष्ट हुआ है कि कैसे भाजपा कार्यकर्ता को एक झूठे और फर्जी घिनौने प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया गया। बिना किसी जांच और ठोस तथ्यों के हमारे कार्यकर्ता और पार्टी को बदनाम करने में जुट गए।वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है और शीघ्र इस घटनाक्रम के दोषी सभी नाम सामने आयेंगे। इस साजिश में जो भी शामिल होगा, उन पर निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की छवि खराब करने की ये सारी कोशिशें बताती हैं, यह संयोग नहीं सोचा समझा प्रयोग है। इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह सब प्रदेश और मातृ शक्ति की छवि खराब होने की कीमत पर की जा रही हैं।
पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष  रुचि भट्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी ,
, प्रदेश प्रवक्ता  कमलेश रमन, महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी और महिला मोर्चा प्रवक्ता  लक्ष्मी अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कहा – भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की छवि खराब करना कांग्रेस का मकसद
प्रदेश महामंत्री  दीप्ति रावत ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र मकसद है, किसी भी तरह भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की छवि को खराब किया जाए। ऐसा नहीं है कि कांग्रेस या उनके नेताओं द्वारा इस तरह का नकारात्मक और षड्यंत्रकारी प्रयास पहली बार किया गया हो। फिलहाल राज्य की जनता सब देख रही है और 27 के चुनावों में भाजपा के साथ मिलकर इसका राजनैतिक जवाब, कांग्रेस का सूपड़ा साफ करके देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *