स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-26 के नगर निगम देहरादून की तैयारियों को मंथन -सहायक नगर आयुक्त राजवीर चौहान ने कहा – सिटिजन फडबैक एवं Visible Cleanliness बेहद महत्वपूर्ण पैरामीटर
स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-26 के दृष्टिगत महत्वपूर्ण समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित
देहरादून । नगर निगम देहरादून के सभागार में नगर आयुक्त नमामि बंसल के निर्देश पर स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-26 के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-26 के अंतर्गत नगर निगम देहरादून की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाना तथा नागरिक सहभागिता को बढ़ाना था। विशेष रूप से सिटिजन फडबैक को अधिकतम संख्या में प्राप्त कराने के लिए उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वर्तमान सिटिजन फडबैक की स्थिति, निर्धारित लक्ष्य, फीडबैक प्राप्त करने के विभिन्न माध्यमों, मोबाइल एप्लीकेशन एवं ऑनलाइन प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी दी गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों को नागरिकों को जागरूक एवं प्रेरित करने के प्रभावी तरीकों पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सहायक नगर आयुक्त राजवीर सिंह चौहान ने बैठक में कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में सिटिजन फडबैक एवं Visible Cleanliness अत्यंत महत्वपूर्ण पैरामीटर हैं तथा इन दोनों के आधार पर नगरों की रैंकिंग पर सीधा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों, सफाई निरीक्षकों एवं सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए साफ-सफाई की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए तथा नागरिकों से अधिक से अधिक फीडबैक प्राप्त कराया जाए।
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित Garbage Vulnerable Points पर भी विशेष चर्चा की गई। सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित कर तत्काल साफ कराया जाए तथा भविष्य में वहां पुनः कूड़ा न डाले जाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अतिरिक्त डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सड़क सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के बाद सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों को “स्वच्छ वार्ड रैंकिंग” आयोजित कराने हेतु विस्तृत स्कोरिंग मैट्रिक्स एवं निरीक्षण प्रारूप उपलब्ध कराए गए। इन प्रारूपों के माध्यम से नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों का निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे वार्ड स्तर पर स्वच्छता प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों को प्रोत्साहित किया जा सकेगा।
नगर निगम देहरादून द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-26 में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, खुले में कूड़ा न डालें तथा अधिक से अधिक सिटिजन फडबैक प्रदान कर देहरादून को देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में स्थान दिलाने में सहयोग करें।बैठक में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त,मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, नव नियुक्त सफाई निरीक्षक, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, नगर निगम के सुपरवाइजर्स, पीएमसी सुपरवाइजर्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

