देहरादून मे तेज गर्मी व हीट वेव का अलर्ट, 27 अप्रैल को सभी सरकारी व निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
मौसम विभाग ने जारी की भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड में अप्रैल माह में ही भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। देहरादून में भी गर्मी से लोगों के खूब पसीने छूट रहे हैं, जिससे लोगों के जनजीवन पर असर पड़ रहा है । हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 27 अप्रैल को कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की है।
देहरादून के जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सविन बंसल की ओर से एक आदेश जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि मौसम विज्ञान विभाग देहरादून और एनडीएमए के पोर्टल के अनुसार, वर्तमान में देहरादून जिले में भीषण लू और हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अप्रैल को भी जिले में अत्यंत गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।
वर्तमान परिस्थितियों में जिले के सभी क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी और लू के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना बढ़ गई है. जिससे विद्यार्थियों और आमजन के लिए हीट स्ट्रोक के साथ डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। लिहाजा, देहरादून जिले के कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार को 1 दिन के अवकाश की घोषणा की गई है।
देहरादून जिले के सभी शासकीय और गैर शासकीय व निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 अप्रैल को बंद रहेंगे,जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी शैक्षणिक संस्थान एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश जारी किए हैं।

