उत्तराखंडदेहरादूनधर्म-संस्कृति

चारधाम यात्रा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त , सड़क, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दें प्राथमिकता –  महाराज

लोक निर्माण मंत्री ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश

देहरादून। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने साफ कहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग की सभी सड़कों का आंकलन करने और 13 वैकल्पिक मार्गों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को यमुना कॉलोनी स्थित लोक निर्माण विभाग सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने सड़क, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर स्थायी और अस्थायी शौचालयों की साफ-सफाई बेहतर हो, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेट्रोल पंपों और होटलों में निःशुल्क शौचालय और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने कहा कि मंदिरों के कपाट खुलने पर सबसे पहले विश्व शांति के लिए प्रार्थना की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाना है।
बैठक में नदियों में बढ़ते सिल्ट के कारण सड़कों पर पड़ रहे प्रभाव पर भी चर्चा हुई। भटवाड़ी, डबराड़ी और चडेथी जैसे क्षेत्रों में नदी स्तर बढ़ने की समस्या को देखते हुए सिंचाई विभाग को समय पर नदी चैनलाइजेशन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान, संवेदनशील स्थानों की मैपिंग और प्राथमिकता तय करने को कहा। साथ ही जीपीएस आधारित मशीनरी ट्रैकिंग, एकल मार्ग प्रणाली, डायवर्जन योजना, सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर और क्रैश बैरियर की स्थिति सुधारने के निर्देश भी दिए।
पर्यटन विभाग को निर्देश दिए गए कि सड़क किनारे संकेत पट्टों के माध्यम से पेट्रोल पंप, अस्पताल और भोजनालयों की दूरी स्पष्ट रूप से दर्शाई जाए। साथ ही सभी भोजनालयों में निःशुल्क पश्चिमी कमोड शौचालय की उपलब्धता का संकेत भी लगाया जाए।
होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों के लिए दस्ताने पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रैथल, द्वारा, रोडीताल और खोड़ाताल के खराब ट्रैक मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सचिव डॉ पंकज कुमार पांडे, गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *