उत्तराखंडदेहरादून

जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हीरा गैस सर्विस के 14 हजार कनेक्शन ट्रांसफर

देहरादून। जनपद में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ा रुख अपनाया है। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने मैसर्स हीरा गैस सर्विस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके सभी 14 हजार गैस कनेक्शनों को निकटवर्ती गैस एजेंसियों में स्थानांतरित कर दिया है।
जिलाधिकारी को लंबे समय से हीरा गैस सर्विस द्वारा वितरण में अनियमितता बरतने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में गड़बड़ी पाए जाने और पूर्व में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार न होने पर यह सख्त कदम उठाया गया है। उपभोक्ताओं को असुविधा न हो, इसके लिए इन कनेक्शनों को अनिल इंडेन गैस सर्विस एवं आर्केडिया इंडेन गैस सर्विस को सौंप दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिले में शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। इन टीमों ने आज विभिन्न एजेंसियों का निरीक्षण कर आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति जांची। जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम और व्हाट्सएप नंबर पर प्राप्त 15 शिकायतों का तत्काल निस्तारण भी किया गया।
आज जिले में कुल 17,527 घरेलू और 970 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वर्तमान में जनपद में 35,167 घरेलू और 3,642 व्यावसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन लगातार आपूर्ति और लोड बढ़ाने पर निगरानी रख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *