उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड के नए मंत्रियों को मिले कार्यालय, खजान दास और भरत चौधरी ने उद्घाटन कर  किया पदभार ग्रहण

मुख्यमंत्री  धामी और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया ,जनहित में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
देहरादून: उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के बाद नए मंत्रियों ने तेजी से अपने विभागों का कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को विधानसभा परिसर में कैबिनेट मंत्री खजान दास और भरत सिंह चौधरी ने अपने-अपने कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन कर जिम्मेदारी संभाली। दोनों मंत्रियों ने इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए जनहित में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कैबिनेट मंत्री खजान दास को समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि, यह विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा है। ऐसे में उनकी प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और संगठन ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ काम करेंगे।
खजान दास ने अपने पिछले अनुभव का भी जिक्र करते हुए कहा कि, वह इससे पहले वर्ष 2009 से 2010 के बीच भी इस विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, जिससे उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली की अच्छी समझ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए वह स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि, जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए वह अप्रैल माह से प्रदेश के सभी 13 जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरे की शुरुआत कुमाऊं मंडल से की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर जाकर योजनाओं की हकीकत जानना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहेगा।
वहीं दूसरी ओर नवनियुक्त मंत्री भरत चौधरी ने भी विधानसभा में अपने कार्यालय का उद्घाटन कर विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया।इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि, मंत्री पद के रूप में जो समय उन्हें मिला है, उसमें वह बेहतर कार्य करके दिखाएंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
भरत सिंह चौधरी को खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि, ये सभी विभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हुए हैं और इनके माध्यम से प्रदेश के लोगों को सीधे लाभ पहुंचाया जा सकता है।उनकी प्राथमिकता होगी कि योजनाओं को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
भरत चौधरी ने कहा कि वह अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *