देहरादून – प्रेमनगर के जंगलों में मिला महिला का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप,एसएसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मुआयना किया शिनाख्त के लिए जुटी टीमें
देहरादून।राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बाला सुंदरी मंदिर के पास स्थित जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की स्थिति को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत करीब 4 से 5 दिन पहले हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी हैं। क्षेत्राधिकारी प्रेम नगर विवेक सिंह कुटियाल के अनुसार बुधवार को थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर के समीप जंगल के अंदर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां एक महिला का शव अत्यंत खराब अवस्था में मिला। शव की हालत देख प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि यह 4-5 दिन पुराना है, जिसके चलते शव गलना शुरू हो गया था। प्रेम नगर थाना अध्यक्ष कुंदन राम ने बताया पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दी, जिसके बाद फील्ड यूनिट और एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की गहनता से जांच करते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर अधीनस्थ अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल ने बताया कि महिला की शिनाख्त और घटना के अनावरण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

