काशीपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही सरकार : सीएम धामी कहा – काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क किया जा रहा विकसित
काशीपुर। जनपद उधम सिंह नगर के काशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विकास केवल कागज़ों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर दिखाई दे और हर नागरिक को उसका लाभ मिले। इसी दिशा में काम करते हुए काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है। इसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है, जो आने वाले समय में युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा। इसी प्रकार काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में उन्नत करने के लिए 494 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी प्रारंभ हो चुका है। इसके अतिरिक्त 4 करोड़ रुपए की लागत से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण किया गया है और 7 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार एवं ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1950 करोड़ रुपए की फंडिंग से काशीपुर में पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मूलभूत सुविधाओं के मामले में काशीपुर किसी भी अन्य क्षेत्र से पीछे न रहे। रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 1100 करोड़ रुपए की औद्योगिक हब परियोजना तथा 100 करोड़ रुपए की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके साथ ही हमारी सरकार काशीपुर के चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए भी कार्य कर रही है। क्योंकि हमारा लक्ष्य है कि काशीपुर आस्था और श्रद्धा की नगरी के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि काशीपुर हमारी देवभूमि का प्रवेश द्वार है। यहाँ से गुजरने वाला हर यात्री देवभूमि की गरिमा, स्वच्छता और सांस्कृतिक भव्यता का अनुभव करे, इसी दिशा में हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी का साथ एवं आशीर्वाद हमें आगे भी इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा और हम सभी मिलकर काशीपुर को एक समृद्ध, स्वच्छ और विकसित नगर बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प को अवश्य पूर्ण करेंगे।

