उत्तराखंडदेहरादून

लोक भवन देहरादून में 27 फरवरी  से होगा बसंतोत्सव , दिखेगा फूलों का संसार, आमजन के लिए फ्री ओपन रहेगी पुष्प प्रदर्शनी, तीन दिवसीय आयोजन की राज्यपाल ने दी जानकारी

कर्टेन रेजर में राज्यपाल ने वसंतोत्सव-2026 की दी विस्तृत जानकारी ,इस वर्ष विशेष पोस्टल कवर के लिए ‘‘भोजपत्र’’ का किया गया है चयन

 देहरादून । लोक भवन में वसंतोत्सव-2026 का ‘कर्टेन रेजर’ आयोजित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को इस वर्ष 27 फरवरी से लोक भवन में शुरू हो रहे तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विशेष पोस्टल कवर के लिए ‘‘भोजपत्र’’ का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को दोपहर 1.00 बजे से सायं 6.00 बजे तक तथा 28 फरवरी एवं 01 मार्च को प्रातः 09.00 बजे से सायं 6.00 बजे तक वसंतोत्सव/पुष्प प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन में आयोजित होने वाला वसंतोत्सव पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। यह उत्सव प्रकृति, परंपरा और प्रगति के संगम का प्रतीक है तथा आमजन, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।
राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और कृषि आधारित उत्पादों को एक सशक्त मंच प्रदान करता है। इस आयोजन के माध्यम से कारीगरों, किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिलता है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में पुष्प उत्पादन के बढ़ते क्षेत्रफल और अनुकूल जलवायु के कारण फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हुई हैं। पुष्प प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धित उत्पाद किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हो रहे हैं, वहीं ऐसे आयोजन पुष्प पर्यटन को भी प्रोत्साहित कर स्थानीय पर्यटन और रोजगार के अवसरों का विस्तार कर रहे हैं।
वसंतोत्सव में 15 मुख्य प्रतियोगिताओं की श्रेणी में कुल 55 उप श्रेणी हैं, जिनमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार दिये जाएंगे। कुल 165 पुरस्कार निर्णायक मण्डल के निर्णय के बाद 01 मार्च को विजेताओं को प्रदान  किए जाएंगे।
‘कर्टेन रेजर’ में सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण  एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव  राज्यपाल  रीना जोशी, निदेशक उद्यान  एस.एल सेमवाल, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, संयुक्त निदेशक उद्यान डॉ. रतन कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रथम बार आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम
इस वर्ष वसंतोत्सव की थीम ‘‘फ्लोरल हीलिंग: नेचर्स पाथ टू वेल बीइंग’’ निर्धारित की गई है, जिसमें प्रकृति एवं पुष्पों के माध्यम से मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक कल्याण को रेखांकित किया गया है।
विशेष फोकस भोज पत्र के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं औषधीय महत्व पर रहेगा। इस थीम के अनुरूप आयोजन स्थल की सज्जा, प्रदर्शनी, स्मृति-चिह्न, साहित्य एवं विभिन्न गतिविधियों का स्वरूप निर्धारित किया गया है।
कृषि एवं कृषक कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहे 03 उत्कृष्ट कृषकों, 03 उत्कृष्ट महिला कृषकों, स्टार्टअप्स के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य कर रहे 03 अग्रणी युवाओं को गवर्नर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया जायेगा।
विभिन्न आयु वर्ग के स्कूली बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता थीम आधारित थीमः 1. फ्लोरल हीलिंग: नेचर्स पाथ टू वेल बीइंग, 2. भोज पत्र वृक्ष एवं 3. उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक समृद्धि एवं धरोहर) कराई जायेगी।
प्रदेश में उत्पादित उच्च गुणवत्ता युक्त ड्रैगन फ्रूट एवं कीवी के प्रचार-प्रसार के लिए विभागीय स्टॉल में प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *