उत्तराखंडदेहरादून

डीजीपी दीपम सेठ ने ली अपराध और कानून व्यवस्था पर हाई लेवल मीटिंग, कई पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, कहा – लापरवाह पुलिसकर्मियों को बक्शा नहीं जाएगा

डीजीपी उत्तराखंड की अपराध और कानून व्यवस्था पर हाई-लेवल समीक्षा बैठक,
गंभीर आपराधिक घटनाओं में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध सख़्त कार्यवाही,
लैंड फ्रॉड मामलों में समयबद्ध और पारदर्शी कार्यवाही के निर्देश, सीओ की प्रारम्भिक होगी अनिवार्य,
सिविल मामलों में हस्तक्षेप करने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध होगी कठोर कार्यवाही,
पुलिस कर्मियों के भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस नीति के तहत सतर्कता विभाग करे सख्त कार्यवाही- डीजीपी
देहरादून। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में अपराध और कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। जघन्य अपराधों और कानून व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर देहरादून और हरिद्वार के तीन उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि सिविल मामलों में दखल देने वाले और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।ऋषिकेश में महिला की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने पर एम्स चौकी प्रभारी साहिल वशिष्ट और देहरादून के खुड़बुड़ा में युवती के हत्याकांड में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर चौकी प्रभारी प्रद्युम्न नेगी को निलंबित कर दिया गया है। इन दोनों मामलों की जांच एसपी क्राइम विशाखा अशोक भदाणे को सौंपी गई है। वहीं, हरिद्वार के भगवानपुर में दो पक्षों के संघर्ष और गोलीबारी मामले में चुड़ियाला हल्का प्रभारी सूरत शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है, जिसकी जांच एसपी क्राइम हरिद्वार जितेन्द्र मेहरा करेंगे।
ऊधमसिंहनगर के सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण का संज्ञान लेते हुए डीजीपी ने जमीन संबंधी विवादों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। अब लैंड फ्रॉड के मामलों में क्षेत्राधिकारी की प्रारंभिक जांच अनिवार्य होगी। जांच में यह स्पष्ट करना होगा कि मामला सिविल है या क्रिमिनल। डीजीपी ने सतर्कता विभाग को निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें।बैठक में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक/निदेशक विजिलेंस, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, पी/एम- विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र- रिधिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक, दूरसंचा कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक, साइबर नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, अभिसूचना एवं सुरक्षा- करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र सदानन्द दाते, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक- योगेन्द्र रावत धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *