77वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में जनपद प्रभारी मंत्री जोशी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज : कहा – हमारे संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार दिया
कृषि मंत्री ने दी पीआरडी एनसीसी स्काउट गाईड, पुलिस परेड की सलामी, परेड का निरीक्षण किया
रुद्रपुर। प्रदेश के कृषि एवं जनपद उधम सिंह नगर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने देश का 77 वां गणतंत्र दिवस में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस लाइन रुद्रपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने पीआरडी एनसीसी स्काउट गाईड, पुलिस परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली गई साथ ही कई देश भक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने 77वें गणतंत्र दिवस की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि देश के उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आज हम सब मिलकर अपने देश के 77वें गणतंत्र दिवस को मना रहे हैं। यह दिन हमारे लिए गर्व और उत्सव का दिन है। इसी दिन, 26 जनवरी 1950 को, भारत का संविधान लागू हुआ था और हम एक गणराज्य बने थे। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार दिया है। यह संविधान ही है जिसने हमें एकजुट रखा है और हमें एक मजबूत राष्ट्र बनाया है।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि 27 जनवरी का दिन उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य उत्तराखंड बना है। कैबिनेट मंत्री जोशी ने आशा करते हुए कहा कि सभी व्यक्ति सरकार के साथ कंधे से कन्धा मिलकर उत्तराखंड को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, राज्यमंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रस्तोगी, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

