उत्तराखंडदेहरादून

“सशक्त बनाने की शक्ति” की थीम के साथ फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड चैप्टर के दो दिवसीय कन्वेंशन 2026 का आगाज , कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा – आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर 

सम्मेलन में कई तकनीकी सत्रों का हुआ आयोजन ,कैबिनेट मंत्री जोशी व सुबोध उनियाल ने की शिरकत
देहरादून।फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन ( फिक्की फ्लो ) उत्तराखंड चैप्टर ने दो दिवसीय फिक्की फ्लो कन्वेंशन 2026 का शुभारंभ  7 जनवरी  को देहरादून में  किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन के लिए एक प्रेरणादायी वीडियो संदेश प्रेषित किया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता एवं विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर बल दिया गया।
दो दिवसीय इस सम्मेलन की थीम द पावर टू एंपावर निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल सशक्तिकरण, उद्यमिता विकास, सरकारी सहभागिता तथा सतत आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
सम्मेलन के प्रथम दिवस बुधवार की शुरुआत एक भव्य उद्घाटन सत्र से हुई, जिसमें कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्टार्ट-अप संस्कृति तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर अपने विचार साझा किए।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुरेख डंगवाल,  मधु भट्ट एवं  कुसुम कंडवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने महिलाओं को एक विशिष्ट पहचान दिलाने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त करने पर बल दिया।  कार्यक्रम में दायित्वधारी विश्वास डाबर, अंकित कौर, जूही खन्ना, करिश्मा डिंगरा, रमा, नेहा शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महिला उद्यमिता  राज्य एवं देश के आर्थिक विकास की रीढ़ : डॉ गीता खन्ना 
इस अवसर पर फिक्की फ्लो उत्तराखंड चैप्टर की चेयरपर्सन डॉ. गीता खन्ना ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में महिला उद्यमिता को राज्य एवं देश के आर्थिक विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि “थीम द पावर टू एंपावर” केवल एक थीम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सक्षम एवं नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं उद्यमिता से जुड़ती हैं, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र को भी सशक्त बनाती हैं।
सम्मेलन में विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन
सम्मेलन में विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें डिजिटल साक्षरता,सरकारी साझेदारी , फ्रॉम सॉइल टू शेल्फ आदि विषयों पर पैनल चर्चा की गई। फिक्की फ्लो  उत्तराखंड चैप्टर द्वारा आयोजित यह सम्मेलन महिलाओं को ज्ञान, नेटवर्किंग एवं नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है। सम्मेलन के आगामी सत्रों में महिला नेतृत्व, नवाचार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर : जोशी 
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने  दो दिवसीय सम्मेलन में प्रतिभाग करते हुए कहा कि महिला नेतृत्व वाला विकास केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत और विशेषकर उत्तराखंड की ग्रामीण एवं कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आजीविका संवर्धन एवं सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं उद्यमी बन रही हैं, स्वयं सहायता समूह चला रही हैं, एफपीओ और सहकारिताओं का नेतृत्व कर रही हैं तथा लोकल को ग्लोबल बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित दिशा दे रही हैं। जैविक खेती, मिलेट्स, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, डेयरी एवं एग्री-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं। यह केवल आजीविका नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और निर्णय क्षमता का सशक्तिकरण है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यदि महिला सशक्त होगी, तो परिवार सशक्त होगा; परिवार सशक्त होगा तो गांव सशक्त होगा और जब गांव सशक्त होगा, तब भारत आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने इस परिवर्तन में फिक्की  फ्लो जैसी संस्थाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर मंत्री जोशी ने फिक्की एफ.एल.ओ. संस्था के पदाधिकारियों को इस सार्थक पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मेलन की सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *