उत्तराखंडदेहरादून

नए साल में बल्ले बल्ले – वर्षों से इंतजार कर रहे कर्मियों को मिली बड़ी राहत : वन विभाग में प्रमोट होकर 83 वन आरक्षी बने वन दरोगा

2021 के बाद पहली बार रिक्त पदों के सापेक्ष जारी हुए आदेश
देहरादून। उत्तराखंड वन विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी आई है। वर्ष 2021 के बाद पहली बार बड़े स्तर पर वन आरक्षियों को प्रमोशन देते हुए वन दरोगा बनाया गया है। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 83 वन आरक्षियों को वन दरोगा के पद पर पदोन्नति दी गई है, जिससे वर्षों से इंतजार कर रहे कर्मियों को बड़ी राहत मिली है।
यह प्रमोशन की यह प्रक्रिया काफी समय से लंबित थी और इसे लेकर विभाग के भीतर लगातार मांग उठ रही थी। चयन समिति ने सभी अभिलेखों और सेवा मानकों पर विचार करते हुए कुल 116 कर्मियों को पदोन्नति की संस्तुति की थी, मगर वर्तमान में वन दरोगा के केवल 83 पद रिक्त होने के कारण फिलहाल इतने ही कर्मियों को प्रमोशन दिया गया है। शेष संस्तुतियों पर आगे रिक्तियां उपलब्ध होने पर निर्णय लिया जाएगा।
पदोन्नति पाए सभी 83 कर्मियों को फिलहाल उनकी वर्तमान तैनाती वाले स्थानों पर ही कार्यभार सौंपा गया है। विभागीय जरूरत के अनुसार आगे चलकर इनकी नई तैनाती भी की जाएगी, जिससे फील्ड स्तर पर कार्य व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
इस संबंध में अपर प्रमुख वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास एवं कार्मिक) मीनाक्षी जोशी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया चयन समिति के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *