भाजपा की वर्ष 2025 की अंतिम संगठनात्मक बैठक आयोजित – सीएम पुष्कर धामी ने उपलब्धियों की चर्चा कर आगामी लक्ष्यों में जुटने का किया आह्वान
विपक्षी नकारात्मकता का सामना कर, अग्रणी राज्य निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें : धामी
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2025 की अंतिम संगठनात्मक बैठक में वर्तमान उपलब्धियों पर चर्चा कर आगामी लक्ष्यों में जुटने का आह्वान किया है।
इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हुए अनेक ऐतिहासिक कार्यों से देश में उत्तराखंड की प्रशंसा हो रही है। आगे हमें विपक्ष की नकारत्मक चुनौतियों का सामना करते हुए अग्रणी राज्य के विकल्परहित संकल्प को पूरा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साल भाजपा सरकार और संगठन की दृष्टि से अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। चाहे यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बनना हो, 10 हजार एकड़ जमीन कब्जों से मुक्त, 27 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार, राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन, रजत जयंती वर्ष को जनसहभागिता के साथ मनाना, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का अमल, निकाय पंचायत चुनावों मे हासिल एक तरफा जीत, शीतकालीन यात्रा में पीएम का मार्गदर्शन हो या मन की बात आदि कार्यक्रमों से राज्य की ब्रांडिंग जैसी उपलबद्धि प्रमुख हैं।
सीएम ने 2025 में सामने आई चुनौतियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि अनेक आपदा का सामना राज्यवासियों के सहयोग और साहस से हमने किया है। धराली और रुद्रप्रयाग छेनागाड़ का सैलाब, बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून समेत अधिकांश क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदा, केंद्र की सहायता और पीएम के मार्गदर्शन से तमाम आपदाओं का साहस से सामने करते हुए राज्य में विकास की रफ्तार कायम करने में हम सफल हुए हैं।
इस दौरान उन्होंने राजधानी में त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि इस दुखद घटना का अफसोस है और तमाम आवश्यक कठोर कार्यवाही इसमें की गई है। लेकिन विपक्ष और दिल्ली में बैठे वामपंथी संगठनों द्वारा अन्य मुद्दों की तरह इस मुद्दे पर भी अनावश्यक झूठ और भ्रम फैलाया जा रहा है। हमें सच्चाई सामने लाकर इसका करारा जवाब देना चाहिए ताकि नस्लीय भेदभाव जैसे मुद्दे बताकर, समाज में विद्वेष की कोशिशें असफल हों। जबकि जनता को हम पर पूर्ण भरोसा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और पार्टी कभी कोई गलत काम नहीं कर सकती है। लिहाजा हम सबको नए साल में देवभूमि को अग्रणी राज्य बनाने के विकल्परहित संकल्प पूर्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संचालन में हुई इस बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार,
विपक्षी विरोध के बावजूद हमें विकास आधारित राजनीति को ही बढ़ाना है आगे: महेंद्र भट्ट
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा विचारधारा और सिद्धांत आधारित पार्टी है, उसका कोई भी कार्यकर्ता गलत काम करने का साहस नहीं कर सकता है। जनता हमारी सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों के साथ खड़ी है, जिस पर वह अपनी राय समय समय पर देती आई हैं। इसके उलट विपक्ष सिर्फ झूठ एवं भ्रम की राजनीति कर रहा है। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले का यह आखिरी वर्ष है जिसमें विकास और विरोध के बीच जारी द्वंद को हमें जनता के सामने लाना है। हमे समझना होगा कि हम विकास और जनकल्याण की राजनीति कर रहे हैं और विपक्ष भ्रम फैलाने, विकास की गति कम करने और जनता को हताश करने की राजनीति कर रहा है।
जन जन के द्वार अभियान से हम जनता की सभी समस्याओं का समाधान करनें में सफल हो रहे हैं। नए वर्ष में हमें जनता तक पहुंचने की ऐसी कोशिशों को और अधिक तेज करना है।

