उत्तराखंडदेहरादूनराष्ट्रीय

आईएमए की पासिंग आउट परेड : भारतीय सेना को मिले 491 युवा सैन्य अधिकारी, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया निरीक्षण

14 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट्स भी रहे शामिल
देहरादून। आईएमए की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड शनिवार को बेहद जोश और उत्साह के माहौल में संपन्न हुई । भारतीय सैन्य अकादमी के चेटवुड भवन के ग्राउंड पर ऑफिसर्स कैडेट ने शानदार परेड से सभी का दिल जीता। थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने परेड की सलामी ली। अकादमी की परंपरा के अनुसार पास आउट होने वाले कैडेट्स मैदान पर परेड करते नजर आए। इसके बाद पीपिंग सेरेमनी और फिर प्रथम पग के साथ उनकी सेना में बतौर अफसर एंट्री हो गई।
‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ निष्कल द्विवेदी को मिला । सिल्वर मेडल बादल यादव व ब्रॉन्ज मेडल पर कमलजीत सिंह के नाम रहा ।बेस्ट मित्र देश कैडेट बांग्लादेश के मोहम्मद अशरफ बने ।
157वें कोर्स के साथ भारतीय सैन्य अकादमी ने एक बार फिर राष्ट्र के लिए साहस, पेशेवर दक्षता और अटूट समर्पण से नेतृत्व करने वाले अधिकारियों के निर्माण की अपनी गौरवशाली परंपरा को सुदृढ़ किया है।
देश के 491 युवाओं ने जिस सपने को आंखों में सजाया था, वह पासिंग आउट पीरियड के साथ ही  साकार हो गया ।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और कठिन प्रशिक्षण के लंबे दौर के बाद ये युवा भारतीय सैन्य अकादमी से पास आउट होकर युवा सैन्य अधिकारी देश सेवा के लिए पूरी तरह तैयार नजर आए।
इस बार अकादमी से कुल 525 ऑफिसर्स कैडेट्स पास आउट हुए हैं। इनमें भारत के 491 कैडेट्स के साथ-साथ 14 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट्स भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सैन्य अकादमी की साख और भरोसे का यह एक और प्रमाण है।इस बार पासिंग आउट परेड में स्वयं थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी मौजूद रहे. उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और कैडेट्स की सलामी ली। सेना प्रमुख की मौजूदगी ने इस समारोह को और भी विशेष और गौरवशाली बना दिया।
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और स्वर्ण पदक एसीए निश्कल द्विवेदी को मिला 
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और स्वर्ण पदक एसीए निश्कल द्विवेदी को दिया गया। रजत पदक बीयूओ बादल यादव और कांस्य पदक एसयूओ कमलजीत सिंह को मिला। टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम स्थान के लिए ऑफिसर कैडेट जाधव सुजीत संपत और टेक्निकल एंट्री स्कीम 46 में प्रथम स्थान के लिए डब्ल्यूसीसी अभिनव मेहरोत्रा को रजत पदक प्रदान किया गया। स्पेशल कमीशन ऑफिसर कोर्स का रजत पदक ऑफिसर कैडेट सुनील कुमार छेत्री को मिला। विदेशी कैडेट्स में मेरिट में प्रथम स्थान का पदक बांग्लादेश के जेयूओ मोहम्मद सफ़ीन अशरफ को दिया गया। ऑटम टर्म 2025 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए इम्फाल कंपनी को थल सेना प्रमुख बैनर प्रदान किया गया। 157वें कोर्स के साथ भारतीय सैन्य अकादमी ने एक बार फिर भारतीय सेना को प्रशिक्षित और सक्षम नेतृत्व प्रदान करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाया।
आईएमए के आसपास रही कड़ी सुरक्षा
पासिंग आउट परेड को लेकर अकादमी और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। अकादमी परिसर के भीतर सेना के जवान तैनात किए गए थे, जबकि बाहरी क्षेत्रों में पुलिस बल की भी व्यापक तैनाती की गई।
किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रही।, परेड के मद्देनजर ट्रैफिक प्लान में भी बदलाव किया गया. प्रेमनगर से आगे अकादमी की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया।
बड़ी संख्या में लोग पीओपी देखने पहुंचे थे तो जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने पहले से ही वैकल्पिक मार्ग तय किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *