उत्तराखंड के नए पीसीसी चीफ गोदियाल ने संभाला पदभार , पार्टी के दिग्गज रहे मौजूद, एकजुटता दिखाने की कोशिश
दिल्ली से दून पहुंचने के बाद जगह- जगह हुआ स्वागत
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद रविवार को पार्टी को नया नेतृत्व मिल गया। नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून में आयोजित सादे समारोह में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के शीर्ष और वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिसने इस मौके को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।
रविवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने और वहां से राजीव भवन तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने नई टीम का स्वागत किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी,
सांसद-विधायक और कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
निवर्तमान अध्यक्ष करण माहरा ने औपचारिक रूप से गणेश गोदियाल को उनका कार्यभार सौंपा।
कांग्रेस हाईकमान ने ही गोदियाल पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी है। हाल ही में पार्टी संरचना में बड़े बदलाव किए गए थे। कांग्रेस की नई संरचना के तहत पार्टी ने कई महत्वपूर्ण पदों पर फेरबदल करते हुए गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रीतम सिंह को प्रचार समिति अध्यक्ष व डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी दी गई हैं।
यह बदलाव पार्टी संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं।पदभार संभालने से पहले शनिवार को गणेश गोदियाल दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस मुलाकात में संगठनात्मक मजबूती, उत्तराखंड की राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। ज्ञात हो कि गोदियाल पहले भी उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक यह दायित्व निभा चुके हैं। संगठन को पुनर्जीवित करने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में उनकी भूमिका को देखते हुए हाईकमान ने उन्हें दोबारा मौका दिया है।

