भाजपा ने वंदेमातरम गीत का मौलिक स्वरूप में किया सामूहिक गायन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट हुए शामिल
पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन व पदाधिकारी रहे मौजूद
देहरादून । भाजपा ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर वंदेमातरम@150 की संगठन स्तर पर शुरुआत की है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के नेतृत्व में वंदेमातरम गीत का मौलिक स्वरूप में सामूहिक गायन किया गया।
पार्टी मुख्यालय में इस अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि वंदेमातरम गीत राष्ट्र आराधना और देशभक्ति की भावना के प्रवाह का गान है। इसी की प्रेरणा से असंख्य लोगों ने आजादी के लिए कुर्बानियां दी, स्वतंत्रता संग्राम की मशाल के लिए प्राणवायु की तरह इस गीत का योगदान रहा। लेकिन बेहद दुर्भाग्य रहा कि आजादी दिलाने का ढोल पीटने वाली कांग्रेस ने ही इसे तुष्टिकरण की राजनीति के चलते, कभी वह सम्मान नहीं दिया, जिसका यह हकदार था।
इस अवसर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा, वन्देमातरम गीत भारत राष्ट्र की आत्मा में रचा बसा है।
उन्होंने बताया कि सरकार के स्तर पर इस गीत का मौलिक स्वरूप में पूर्ण गायन सभी शिक्षण संस्थाओं, सरकारी कार्यालयों में सामूहिक रूप में तो किया जा रहा है। लेकिन भाजपा संगठन भी अगले 26 नवंबर, संविधान दिवस तक राष्ट्रगीत का सामूहिक गान, प्रत्येक जिला कार्यालय एवं मंडल स्तर तक के सभी कार्यक्रमों में करेगा। इसके अतिरिक्त गोष्ठियों एवं विशेष चर्चा कार्यक्रमों के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रभक्ति के अभियान से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान, प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में राष्ट्रध्वज फहराया गया और देशभक्ति के नारे के बीच कार्यकर्ताओं में मिष्ठान वितरित किया गया। अभियान की प्रदेश संयोजक प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में राजपुर विधायक खजान दास, सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, अभियान सह संयोजक एवं प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर सिंह चौहान, सह संयोजक राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, कुंवर जपेंद्र सिंह, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रुचि भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोल, दायित्वधारी डा देवेंद्र भसीन, श्रीमती विनोद उनियाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

