Good News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में खुला गुबारा क्लिनिक,टाइप 1 डायबिटीज के बच्चों की हुई जांच
डायबिटीज टाईप 1 से ग्रसित बच्चों को स्क्रीनिंग एवं उपचार सेवाएं मिलेंगी
देहरादून। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में मंगलवार को टाईप 1 डायबिटीज क्लीनिक अथवा गुबारा क्लीनिक का शुभारम्भ चिकित्सा अधीक्षक डॉ पीएस रावत ने किया । गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस क्लीनिक के माध्यम से डायबिटीज टाईप 1 से ग्रसित बच्चों को स्क्रीनिंग एवं उपचार सेवाएं प्रदान की जायेंगी।
गुबारा क्लीनिक का उद्देश्य टाईप 1 डायबिटीज से ग्रसित बच्चों को उपचार के साथ-साथ हर शुक्रवार को मधुमेह की नियमित जांच के साथ-साथ उन्हें एक माह के लिए घर में उपयोग के लिए ग्लूकोमीटर, ग्लूकोस्ट्रिप व लेंसेट, इंसुलीन की किट एवं लॉगबुक उपलब्ध करायी जाती है।
इस दौरान डॉ पीएस रावत ने टाइप 1 डायबिटीज के मरीजों की जांच की। साथ ही उचित देखभाल के साथ-साथ इंसुलिन आधारित उपचार, स्वयं ग्लूकोज को मापने के बारे में जानकारी, निगरानी, जोखिमों तथा खान-पान से संबंधित जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में प्रत्येक मंगलवार को टाइप 1 डायबिटीज से संबंधित जांच एवं उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर जिला सलाहकार अर्चना उनियाल, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक उमेश सिरसवाल, नर्सिंग स्टाफ शिप्रा एवं चंद्रकला आदि उपस्थित रहे।

