शानदार पहल – दीपावली सहित सभी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने चलाया 10 दिवसीय खास स्वच्छता अभियान, लोगों को मिली राहत
10 दिनों में लगभग 702.2 टन अतिरिक्त कचरा किया एकत्र
शहर से प्रतिदिन उठाया जा रहा 100–150 टन अतिरिक्त कचरा
देहरादून । नगर आयुक्त नमामि बंसल के निर्देशों के क्रम में नगर निगम देहरादून ने दीपावली, छठ पूजा एवं अन्य त्योहारों को ध्यान में रखते हुए 11 से 20 अक्टूबर तक संपूर्ण शहर में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया। विगत 10 दिवसों में लगभग 702.2 टन अतिरिक्त कचरा नगर निगम क्षेत्र से एकत्र कर शीशमबाड़ा ट्रांसफर स्टेशन एवं प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया गया।
शहर से प्रतिदिन 100–150 टन अतिरिक्त कचरा उठाया जा रहा है। इस कार्य के लिए अतिरिक्त ट्रैक्टर ट्रालियां एवं अन्य वाहन लगाए गए हैं। सभी कूड़ा संग्रहण वाहनों को अतिरिक्त ईंधन उपलब्ध कराया गया है ताकि वार्डों में अतिरिक्त ट्रिप लगाकर दीपावली के दौरान उत्पन्न कचरे का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, प्रतिदिन 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां ग्रीन वेस्ट संग्रह के लिए चलाई जा रही हैं।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने राशा इंफ्रास्ट्रक्चर जो कि कारगी एमटीएस एवं शीशमबाड़ा प्रोसेसिंग प्लांट का संचालन कर रही है, को दोनों शिफ्टों में कार्य करने तथा सभी सीएसआई/ एस आई को अपने-अपने वार्डों की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम का यह विशेष स्वच्छता अभियान छठ पूजा तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि देहरादून शहर स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर सके।

