दीपावली पर दी बड़ी सौगात- 20.89 करोड़ की लागत से खटीमा-मेलाघाट सड़क पुनर्निर्माण का सीएम धामी ने किया शिलान्यास
खटीमा अब बन चुका है शिक्षा का हब : मुख्यमंत्री
खटीमा। उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को 2089.74 लाख की लागत से निर्मित होने वाली खटीमा-मेलाघाट राज्य मार्ग संख्या 107 के पुनर्निर्माण के कार्यों का विधिवत पूजा अर्चना कर शिलान्यास किया। इसमें 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा कार्य, रोड साइनेज की स्थापना, टीबीएम एवं बीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण कार्य भी शामिल है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सड़क भारत नेपाल सीमावर्ती संपर्क का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा कि सड़क सुधारीकरण से खटीमा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को मिलने वाली सुगम यातायात की सुविधा के साथ ही सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन और शिक्षा से जुड़े अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी। सीएम धामी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के साथ-साथ भू कटाव को रोकने, स्थानीय जल निकासी व्यवस्था के सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खटीमा अब शिक्षा का हब बन चुका है। जहां से प्रदेश ही नहीं बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वहीं उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड का हर क्षेत्र सुगम, सशक्त और समृद्ध बने। विकास की हर परियोजना जनता के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। खटीमा मेलाघाट सड़क परियोजना भी इसी दृष्टि से एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर उन्होंने सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश भी दिए। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री मोदी के कनेक्टिविटी ही विकास की रीढ़ के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। इसी भावना के अनुरूप राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में सड़कों का विस्तार और आधुनिकीकरण तेजी से किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित समूह को उन्होंने आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्वों के अवसर पर राज्य की सुरक्षा, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह किन्ना, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी केके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोनिवि अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता एनके अग्रवाल एवं अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।

