मुख्यमंत्री धामी ने दी शहरी विकास की महत्वाकांक्षी योजनाओं की सौगात, पीएम आवास योजना (शहरी) के तहत 15,600 नए आवासों का लोकार्पण, कई नगर निकायों को मिला पुरस्कार
प्रदेश के 52 नगर निकायों में 115 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू,
स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वृहत पंजीकरण अभियान व अंगीकार 2.0 लॉन्च,
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए राज्य को मिले 244 नए वाहन, सीएम ने दिखाई हरी झंडी,
सीएम धामी बोले – स्वास्थ्य, आवास और स्वच्छता से जुड़े प्रयास प्रदेश को नई दिशा देंगे
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 52 नगर निकायों में 115 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (Urban Health & Wellness Centre) की शुरुआत की गई। इसके साथ ही फेरी व्यवसायियों (Street Vendors) के पंजीकरण का वृहत अभियान एवं अंगीकार 2.0 को भी लॉन्च किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बी.एल.सी. घटक से नव निर्मित 15 हजार 6 सौ आवासों का लोकार्पण भी किया गया।
सीएम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निकायों को अटल निर्मल नगर पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम, पिथौरागढ़ नगर निगम को द्वितीय तथा कोटद्वार नगर निगम को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया | इसके साथ ही मसूरी नगर पालिका परिषद को प्रथम, डोईवाला नगर पालिका परिषद को द्वितीय तथा भीमताल को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया | मुख्यमंत्री ने लालकुआं नगर पंचायत को प्रथम, गुलरभोज नगर पंचायत को द्वितीय तथा भिकियासैंण नगर पंचायत को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया | उन्होंने छावनी परिषद लैंसडौन को प्रथम, रानीखेत को द्वितीय तथा रुड़की छावनी परिषद को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया |
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । शहरी निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 244 नए वाहनों को राज्य को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन योजनाओं से शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवास की दिशा में ठोस सुधार होंगे और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राजयसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा, श्रीमती सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल सहित विभिन्न नगर निकायों के मेयर, सचिव नितेश कुमार झा सहित शहरी विकास विभाग व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे ।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीब परिवारों को अपने स्वयं के पक्के घर मिले : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से आज देश के लाखों शहरों, कस्बों और नगरों में साफ-सफाई की एक नई संस्कृति विकसित हुई है। अमृत योजना के द्वारा शहरी बुनियादी ढांचे जैसे जल आपूर्ति, सीवरेज और हरित स्थानों को सशक्त किया गया है। स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा शहरी विकास को तकनीक और नागरिक सुविधा के साथ जोड़ते हुए एक आदर्श नगर विकास का मॉडल प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाखों गरीब परिवारों को अपने स्वयं के पक्के घर प्राप्त हुए हैं।
इन नगर निकायों को मिला पुरस्कार
अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 : रुद्रपुर प्रथम, पिथौरागढ़ द्वितीय, कोटद्वार तृतीय,
मसूरी, डोईवाला व भीमताल को भी मिला अटल निर्मल नगर पुरस्कार,
नगर पंचायत श्रेणी में लालकुआं प्रथम, गुलरभोज द्वितीय व भिकियासैंण तृतीय,
छावनी परिषद में लैंसडौन प्रथम, रानीखेत द्वितीय व रुड़की तृतीय घोषित।

