उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

युवा राजनैतिक एजेंडे में फंसने के बजाय सीधे सरकार के सामने रखे युक्तिसंगत मांग : मुन्ना चौहान

कहा – धामी सरकार युवा हितों को समर्पित,जो भी दोषी होगा, कठोरतम कार्रवाई निश्चित,छात्रों की युक्तिसंगत और व्यवहारिक मांगों को अवश्य मानेगी सरकार
देहरादून । भाजपा ने पेपर नकल मामले में युवाओं को भरोसा दिलाया है कि उनकी युक्तिसंगत और व्यवहारिक मांगों पर सरकार गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय लेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक  मुन्ना सिंह चौहान ने छात्रों से किसी राजनैतिक एजेंडे में नहीं फंसने का आग्रह किया हैं। धामी सरकार युवा हितों के लिए समर्पित ढंग से कार्य कर रही है, इस मुद्दे पर भी जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसपर कठोरतम कार्रवाई तय है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार युवाओं के सुरक्षित और सफल भविष्य निर्माण के प्रति कटिबद्ध है। इसी क्रम में यूकेएसएससी परीक्षा में सम्मिलित प्रत्येक छात्र हमारे परिवार के सदस्य हैं, जिनकी चिंता पार्टी और सरकार दोनों को है। चूंकि हाल में जो प्रकरण सामने आया है उसे ध्यान से समझने की जरूरत है।
पहली बात कि ये पेपर लीक नहीं केवल एक एग्जामिनेशन सेंटर में एक कमरे में एक व्यक्ति द्वारा नकल का मामला था।
जिसपर मामला संज्ञान में आते ही आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है और एसआईटी बना कर एक माह में रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच अवधि तक परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जायेगा। और जो भी रिपोर्ट में तथ्य सामने आयेंगे उसपर नकल कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि, हम भी चाहते हैं कि यदि कहीं कोई त्रुटि या साजिश हुई है तो वह सामने आए। चूंकि ये सब बिना किसी जांच के संभव नहीं है। लिहाजा सभी को जांच में सहयोग करना चाहिए। यदि किसी छात्र या अभिभावक, या किसी अन्य के पास कोई सबूत, तथ्य या जानकारी हो वे एसआईटी को बताएं। फिर भी संतुष्ट न हों तो इसी मुद्दे पर गठित न्यायिक आयोग के सामने रखें। जांच की रिपोर्ट आने तक किसी भी नतीजे पर पहुंचना उचित नहीं है।

इस दौरान युवाओं को चेताया कि किसी भी तरह उन तमाम लोगों की साजिश में नहीं फंसना चाहिए जो इसमें अपना राजनैतिक उल्लू सीधा करना चाहते हैं।उन्होंने आग्रह किया कि युवा, छात्रऔर अभिभावक अपनी युक्तिसंगत और व्यवहारिक मांग को सरकार और मुख्यमंत्री के सामने रखें। साथ ही भरोसा दिलाया कि हमारी संवेदनशील सरकार ऐसी तमाम मांगों पर उचित निर्णय लेगी, लेकिन उसमें राजनैतिक मंशाओं की घालमेल से बचें। हमें बच्चों के भविष्य की चिंता है और हम ऐसे मेहनतकश छात्रों को सही समय पर नौकरी से वंचित किसी कीमत पर नहीं होने देंगे।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश महामंत्री  कुंदन परिहार, प्रदेश मीडिया संयोजक  मनवीर चौहान, सह संयोजक राजेंद्र सिंह नेगी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *