भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा – सदन में सोने वाले विधायकों का सम्मान, आपदा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा
कहा -सदन में किए पाप से पीछा छुड़ाने के लिए, झूठ एवं भ्रम फैला रही कांग्रेस
देहरादून । भाजपा ने कांग्रेस पर विकास, आपदा, देवभूमि स्वरूप और कानून व्यवस्था को लेकर लगातार नकारात्मक रुख अपनाने का आरोप लगाया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि, कांग्रेस सदन में किए पाप से पीछा छुड़ाने के लिए झूठ और भ्रम फैला रही है, राहत बचाव में सहयोग के बजाय, आपदाग्रस्त क्षेत्रों में माहौल खराब कर रही है और सदन में सोने वाले विधायकों का सम्मान कर पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रही है।
मीडिया के लिए जारी अपने बयान में उन्होंने कहा, इन दिनों राज्य प्राकृतिक आपदा के जख्मों से पीड़ित है और जनसहयोग से शासन प्रशासन उसपर मरहम लगाने के प्रयासों में कर्मठता से जुटा हुआ है। हमारे मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी पीड़ितों के आँसू पोंछने और प्रभावितों को राहत देने के लिए ग्राउंड जीरो पर पहुंच रहे हैं। युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है और अब तक की सर्वाधिक मदद वहां दी जा रही है। पीएम श्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र लगातार सहयोग और मॉनिटरिंग कर रहा है। जनता, स्वयंसेवी संस्थाएं, आरएसएस जैसे सामाजिक संगठन और मीडिया भी आपदा से नुकसान को कमतर करने और पीड़ितों की मदद के लिए अपने अपने स्तर पर सकारात्मक दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल होने के वावजूद आपदा राहत कार्यों से पूरी तरह नदारद कांग्रेस पार्टी प्रदेशवासियों और रेस्क्यू टीम का हौसला तोड़ने के लिए झूठे और असंवेदनशील बयान दे रहे हैं। इतना ही नहीं, स्याना चट्टी, थराली और अन्य आपदाग्रस्त क्षेत्रों में लोगों को भड़काने और राहत कार्यों में बाधा पहुंचाने का प्रयास कर रही है। जनभावनाओं के अनुशार गैरसैण में सत्र आहूत हुआ, ऐसे में हर किसी को उम्मीद थी कि त्रासदी में जान गंवाने वालों के परिजनों और अन्य पीड़ितों एवं प्रभावितों की समस्याओं और आपदा प्रबन्धन को लेकर चर्चा होती।
लेकिन बेहद दुखद और शर्मनाक रहा कांग्रेस विधायकों का सदन में किया अलोकतांत्रिक कृत्य। व्यक्तिगत मुकद्दमे हटाने के जोश में उनके नेता होश खो बैठे और संवैधानिक परम्पराओं को तार तार कर दिया। सदन में उनके हंगामे और खर्राटों को देखकर, चारों और जमकर आलोचना हो रही है। यही वजह है कि वे सदन में किए अपने पापों को धोने के लिए झूठ और भ्रम फैला रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा अपने विधायकों के सम्मान पर कटाक्ष किया कि जिन्होंने सदन में नींद लेने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया हो, उनका सम्मान कैसा? मीडिया सुर्खियां बनने के लिए की गई ये कोशिश, अब आपदा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है।
उन्होंने आइना दिखाते हुए कहा, कानून व्यवस्था को लेकर जो तमाम आरोपों वे लगा रहे हैं, उन सभी पर तत्काल बिना किसी भेदभाव के कठोरतम कार्रवाई की गई है। प्रदेश की जनता भी इस सच्चाई से अच्छी तरह वाकिफ है और मुख्यमंत्री धामी पर आंख मूंद कर भरोसा करती है। उन्होंने तंज किया कि कानून व्यवस्था को लेकर झूठे आरोप लगाने वाली कांग्रेस, सरकार में रहते तत्कालीन मंत्रियों पर सही से कार्रवाई करती तो आज वो बयानवीर बनकर भाजपा के खिलाफ बड़ी बड़ी बातें नहीं करते फिरते।

